केंद्रीय भैंस अनुसंधान संस्थान के पूर्व निदेशक और गुरु अंगद देव पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय लुधियाना के पूर्व कुलपति डाॅ. इंद्रजीत सिंह भैंसों की संख्या और दूध में कमी के लिए सरकार की नीतियाें के साथ ही पशुपालकों की सोच में बदलाव को जिम्मेदार मानते हैं। डाॅ. इंद्रजीत के मुताबिक भैंसों की संख्या कम होने के पीछे बड़ा कारण सरकार का देसी गायों पर अधिक फोकस होना है। सरकारी तंत्र ने गांवों में होने वाली भैंसों की दुग्ध प्रतियोगिताएं कम कर दी हैं। भैंसों के दूध पर किसानों को जो प्रोत्साहन राशि मिलती थी, उसे भी घटा दिया। इससे पशुपालकों की सोच बदली और गांव में भैंस पालने की होड़ कम हो गई।
पशुपालक डेयरियों से दूध खरीदने लगे। इनके अलावा धोखाधड़ी भी बड़ा कारण रहा। भैंस व्यापारियों ने बूस्टिन नामक प्रतिबंधित दवा का इस्तेमाल कर खरीदारों को फर्जी दूध दिखाया। इससे भैंस खरीदने के प्रति गलत धारणा विकसित हुई। पंजाब में भी दूध की यह धोखाधड़ी हरियाणा के साथ ही फैली थी, लेकिन वहां जांच की पुख्ता व्यवस्था कर ऐसा करने वालों की धरपकड़ की गई। दूध में मिलावट, सिंथेटिक दूध का चलन और दूध घटते ही भैंसों को निकाल देने की प्रवृत्ति ने भी गलत प्रभाव डाला।
मुर्राह मैन के नाम से विख्यात डॉ. इंद्रजीत मानते हैं कि सरकार को भैंसों की संख्या बढ़ाने के लिए फैमिली फार्मिंग को बढ़ावा देना चाहिए। किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए दूध प्रतियोगिताओं की संख्या बढ़ानी चाहिए और उसकी मॉनिटरिंग करनी चाहिए। पशुओं का नियमित टीकाकरण होना चाहिए। किसान प्रशिक्षण शिविरों की संख्या बढ़ानी चाहिए।
पशुओं की संख्या जिस अनुपात में घटी है, दूध उत्पादन उस दर से कम नहीं हुआ है। इसका मतलब है कि हमारी भैंसें पहले से अधिक दूध दे रही हैं। ये पशुपालक, सीआईआरबी के वैज्ञानिक और पशुपालन विभाग की मेहनत का प्रतिफल है। सीआईआरबी की ओर से भैंसों की नस्ल सुधार के लिए उन्नत किस्म के सीमन मुहैया कराए जा रहे हैं। गांवों को गोद लिया गया है। खान-पान और रखरखाव के बारे में भी किसानों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि दूध का उत्पादन बढ़ाया जा सके। इस दिशा में सीआईआरबी के वैज्ञानिक, पशुपालन विभाग और हरियाणा सरकार के अधिकारी बेहतर तालमेल के साथ काम कर रहे हैं। - डाॅ. टीके दत्ता, निदेशक , केंद्रीय भैंस अनुसंधान संस्थान, हिसार।
वर्ष हरियाणा पंजाब राजस्थान राष्ट्रीय
2019- 20 1118 1221 904 406
2020- 21 1063 1219 1075 427
2021- 22 1081 1271 1150 446
2022-23 1098 1283 1138 549
आंकड़े नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड से लिए गए हैं।
वर्ष हरियाणा पंजाब राजस्थान उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय
2019- 20 11.7 13.3 25.6 31.9 198.4
2020- 21 11.3 13.4 30.7 31.4 210
2021- 22 11.6 14.1 33.3 33.9 222.1
2022-23 11.9 14.3 33.3 36.2 230.6
आंकड़े नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड से लिए गए है।