हिसार। श्री तिरुपति बालाजी धाम में दो दिन शुक्रवार और शनिवार को भगवान वेंकटेश की सवारी शोभायात्रा निकाली गई। दोनों दिन सुबह विधि-विधान से अभिषेक व पूजा-अर्चना की गई और शाम को नियमानुसार मंत्रोच्चारण के साथ भगवान वेंकटेश के विग्रह को रथ पर स्थापित पालकी में विराजमान किया गया। इनके साथ ही माता श्रीदेवी व माता भूदेवी के विग्रह भी शोभायमान किए गए। सवारी शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु जय श्रीमन्ननारायण, जय गोविंदा व जय भगवान वेंकटेश के जयघोष करते रहे। विशेष बात रही कि भक्तों ने अपने हाथों से रथ को खींचकर अपनी आस्था जताई और धाम की परिक्रमा की। शोभायात्रा के बाद श्रद्धालुओं में गोष्ठी प्रसाद का वितरण किया गया। सवारी शोभायात्रा में हिस्सा लेने वाले श्रद्धालुओं ने तिरुपति धाम में वेंकटेश भगवान, पद्मावती माता आदि देवी-देवताओं के दर्शन किए।