नारनौंद । गांव कापड़ो निवासी किसान बलवान की शिकायत पर विजिलेंस टीम ने शुक्रवार शाम को बिजली निगम के लाइनमैन को 27 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई शुक्रवार शाम पुराना बस स्टैंड नारनौंद पर की गई। विजिलेंस हिसार टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर सुखदेव ने किया, जबकि हरवीर सिंह एचसीएस, नगर निगम हिसार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था।
जानकारी के अनुसार किसान बलवान के खेत में लगा ट्यूबवेल कुछ समय पहले खराब हो गया था। इसके बाद उसने खेत से करीब एक एकड़ दूरी पर दूसरा ट्यूबवेल लगवाया। नया कनेक्शन करने के लिए उसने बिजली निगम में आवेदन किया, लेकिन लाइनमैन जयप्रकाश उर्फ जेपी निवासी माजरा ने काम के बदले 27 हजार रुपये की रिश्वत मांगनी शुरू कर दी। आरोप है कि कई दिनों से वह किसान पर पैसों का दबाव बना रहा था।
किसान बलवान ने इस पूरे मामले की शिकायत विजिलेंस विभाग को दी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और बलवान से कहा कि वह तय स्थान पर पैसे दे। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे पुराना बस स्टैंड पर जैसे ही बलवान ने रकम आरोपी लाइनमैन को सौंपी, टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथों दबोच लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की राशि बरामद कर ली। आरोपी को काबू करने के बाद उससे पूछताछ जारी है।