गांव नियाणा के निवर्तमान सरपंच जयसिंह से रात करीब 10 बजे बाइक सवार तीन युवकों ने नकदी व मोबाइल लूट लिए। वारदात के बाद बाइक सवार तीनों युवक मिर्जापुर रोड की तरफ भाग निकले। पुलिस ने इनमें से एक युवक को पकड़ लिया है।
पकड़ा गया युवक मूल रूप से खेदड़ गांव निवासी हाल मिर्जापुर रोड का विकास उर्फ कालिया है। पुलिस ने उसे रविवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। अभियुक्त से पुलिस ने लूटी गई ढाई हजार रुपये की नकदी व 2 मोबाइल बरामद कर लिए हैं।
सरपंच की बाइक में हो गया था तेल खत्म
पुलिस ने बताया कि नियाणा गांव के निवर्तमान सरपंच वारदात के दौरान जीजेयू के गेट नंबर एक के सामने खड़े थे। वे उस दौरान गांव जा रहे थे। अचानक उनकी बाइक का तेल खत्म हो गया। अचानक एक बाइक पर सवार तीन युवक आए। उन्होंने सरपंच के पास बाइक रोकी और उसके साथ हाथापाई करने लगे। बताया है कि उनके पास कोई हथियार भी था, जिसके बल पर उन्होंने सरपंच की जेब से ढाई हजार रुपये की नकदी व दो मोबाइल लूट लिए।
क्लॉथ मार्केट से चोरी बाइक का प्रयोग
मामले की जांच कर रहे सिटी पुलिस के ईएएसआई नेत्रपाल ने बताया कि विकास ने पूछताछ में खुलासा किया है कि वारदात में यूज की गई बाइक जिंदल पार्क स्थित क्लॉथ मार्केट से चोरी की गई है।
रात में सुनसान इलाकों में हो रही है लूट
बता दें कि शहर के सुनसान इलाकों से निकलने वाले रोड पर लगातार लूट की वारदात हो रही है। ठीक दो दिन पहले ही इसी तरह की वारदात सेक्टर 1-4 में इरीगेशन विभाग के जेई के साथ हुई थी। इस वारदात में भी लुटेरे तीन ही थे। उन्होंने जेई पर फायरिंग भी की थी। अभी तक इस मामले को पुलिस सुलझा ही नहीं पाई है कि सिटी एरिया में फिर दूसरी वारदात हो गई।