सीसवाला के राशन डिपो पर देर रात लगी राशन कार्ड होल्डरों की भीड़।
- फोटो : 1
बालसमंद। जिलेभर के राशन डिपो पर मंगलवार सुबह से देर रात तक लंबी कतारें देखने को मिलीं। तकनीकी कारणों से मशीनों में देरी से डाटा अपडेट होने के कारण हजारों लाभार्थी इस माह राशन वितरण से वंचित रह गए।
सीसवाला डिपो पर रात तक 100 से अधिक लाभार्थी खड़े रहे और खाद्य आपूर्ति विभाग से सितंबर माह के राशन वितरण की अंतिम तारीख बढ़ाने की मांग की। डिपो होल्डरों दीपक, अनूप, हनुमान, ईश्वर, जयबीर, जयपाल और कुलदीप ने बताया कि मशीनों में तीन दिन पहले ही राशन डाटा अपडेट हुआ, जिसके बाद वितरण शुरू किया गया। प्रति राशन कार्ड लाभार्थी का समय 5 से 10 मिनट लग रहा है, इसलिए कई लोग वंचित रह गए।ग्रामीण संजय, नरेंद्र, संदीप, राजकुमार, रेवती, सुमन, राजबाला और रानी ने कहा कि गांवों में तीन दिन में पूरे राशन का वितरण करना संभव नहीं है। उनका सुझाव है कि राशन वितरण कम से कम 15 दिन तक किया जाए ताकि सभी लाभार्थियों को राशन मिल सके।