हिसार। उत्तर-पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल पर सर्दियों के मौसम में रेल संचालन को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। मंडल पर कुल 287 पैसेंजर ट्रेनों एवं लगभग 120 गुड्स ट्रेनों में लोको पायलटों को फॉग डिवाइस दी जाएगी, जो कोहरे के समय लोको पायलट को सिग्नल के संबंध में सही सूचना देगी। यह डिवाइस लगभग 2000 मीटर पहले ही लोको पायलट को आने वाले सिग्नल के बारे में बताएगी। इससे लोको पायलट ट्रेन की गति को नियंत्रित करते हुए आगामी सिग्नल को सुरक्षित पार करने के लिए तैयार रहता है।
बीकानेर मंडल का रेवाड़ी से बठिंडा रेलखंड एवं बठिंडा से सूरतगढ़ रेलखंड विशेष रूप से फोग से प्रभावित रहता है। इसके साथ ही रेलपथ पर गुड्स वार्निंग बोर्ड की दक्षता बढ़ाने के लिए रेडियम की स्ट्रिप लगाई जाएगी एवं चूना पट्टी की व्यवस्था की जाएगी, ताकि लोको पायलट आसानी से धुंध की स्थिति समझ सके। यह बिटविन सेक्शन में लगाई जाती है। इसके साथ ही रेल पथ पर रात्रि गश्त के लिए ट्रेक मेंटेनर की ड्यूटी लगाई जाएगी। इससे सर्दी में होने वाले रेललाइन फैक्चर की तुरंत सूचना मिलेगी। इसके लिए ट्रैक मेंटेनर को डेटोनेटर दिए जाते हैं। इन डेटोनेटर को ट्रैक मेंटेनर रेललाइन फैक्चर होने पर ट्रेन आने की दिशा में एक निश्चित दूरी पर रेललाइन पर फिट करता है, ताकि जब इंजन के व्हील इस डेटोनेटर के ऊपर से गुजरते हैं तो डेटोनेटर तेज आवाज के साथ फूटता है और लोको पायलट इस आवाज को सुनकर ट्रेन की गति को नियंत्रित करते हुए रोक देता है।