सर्दी का मौसम शुरू होते ही चोरों के हौसले बुलंद होने लगे हैं। मोची मोहल्ला में चोरों ने शातिराना अंदाज में दो दुकानों को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि दो युवक दुकानों के बाहर कंबल ओढ़कर सोने का नाटक करते रहे और मौका मिलते ही ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। दोनों दुकानों से करीब 1 लाख 40 हजार रुपये का सामान चोरी होने की बात सामने आई है।
मोची मोहल्ला में ई सेवा केंद्र के संचालक रणजीत ने बताया कि वह रात को सेवा केंद्र को बंद करके घर चले गए थे। रात के समय दो युवक दुकान के बाहर कंबल ओढ़कर सोए हुए थे। आरोप है कि इन्हीं युवकों ने मौका पाकर दुकान के ताले तोड़े और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सुबह साढ़े छह बजे उनके पड़ोसी ने फोन करके उन्हें चोरी की सूचना दी। वे तुरंत केंद्र पर आए तो देखा कि ताला टूटा हुआ था। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और अंदर जांच की तो केंद्र से कंप्यूटर डिवाइस सहित करीब 15 हजार रुपये का सामान चोरी हुआ है। इसमें उनके जरूरी दस्तावेज और फाइलें थीं। वहीं दूसरी ई सेवा केंद्र के संचालक आलोक के केंद्र से भी चोरों ने करीब 1 लाख 25 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। केंद्र संचालकों का कहना है कि इससे उनका सारा काम प्रभावित हो रहा है। लैपटॉप और कंप्यूटर में बहुत से लोगों का डाटा दर्ज था, चोरी होने से उनके साथ साथ उन लोगों को भी परेशानी होगी।
दोनों सेवा केंद्र संचालकों ने पुलिस से मामले में उचित कार्रवाई करने और चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। मामले में बस स्टैंड चौकी के जांच अधिकारी राजकुमार ने बताया कि ई-सेवा केंद्रों में चोरी की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।