हांसी। पुलिस जिले में 2857 लाइसेंस धारकों में से 897 लाइसेंस धारकों ने अब तक अपने शस्त्र थाने या गन हाऊस में जमा नहीं करवाए हैं। सिटी थाना में सबसे ज्यादा व नारनौंद में सबसे कम हथियार जमा हुए हैं। वहीं हथियार जमा न करवाने वाले लाइसेंस धारकों पर कार्रवाई भी की जा सकती है।
ऐसे लाइसेंस धारकों को पुलिस जल्द ही नोटिस जारी कर सकती है। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आचार संहिता लगी हुई है। आचार संहिता के दौरान लाइसेंसी हथियारों को थाने या गन हाउस में जमा करवाना अनिवार्य है। पुलिस अधीक्षक मकसूद अहमद ने बीते दिनों सभी लाइसेंस धारकों को असलहा जमा करवाने के निर्देश दिए थे। पुलिस जिले में कुल 2857 गन लाइसेंस बने हुए हैं। इनमें से ज्यादातर ने अपना असलहा जमा करवा दिया है। सोमवार तक 897 ने असलहा जमा नहीं करवाया था। पुलिस के अनुसार सिटी थाना में कुल 493 लाइसेंस धारक हैं जिसमें से 117 लाइसेंस धारकों ने हथियार जमा नहीं करवाए। सदर थाना में 495 लाइसेंस धारकों में से 157 ने हथियार जमा नहीं करवाए हैं।
वहीं नारनौंद थाना में 872 लाइसेंस धारकों में से 466 धारकों ने हथियार जमा नहीं करवाए। बास थाना में 497 लाइसेंस धारकों में से 157 ने हथियार जमा नहीं करवाए।
लोकसभा चुनाव को देखते हुए लाइसेंस धारक जल्दी अपना हथियार जमा करवाएं। हथियार जमा नहीं करवाने वालों पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- मकसूद अहमद, पुलिस अधीक्षक