हिसार। सेक्टर-14 व 33 की मास्टर रोड (45 मीटर) के पूरा होने में आ रही आखिरी बाधा दूर हो गई है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) मुख्यालय ने सुअर फार्म की अधिग्रहित की गई जमीन पर कब्जा लेने के लिए 58 करोड़ का बजट मंजूर किया है। इस जमीन पर कब्जा मिलने के बाद रोड के बचे हुए हिस्से का निर्माण किया जाएगा। इस रोड के बनने से करीब 15 हजार की आबादी को फायदा पहुंचेगा।
बता दें कि सेक्टर 14, 14 पार्ट टू व 33 के लिए 45 मीटर रोड का निर्माण किया जा रहा है। इस रोड को सिरसा नेशनल हाईवे से जोड़ा जाना है। मगर बीच में सुअर फार्म की करीब 40 एकड़ जमीन आ गई है। हालांकि एचएसवीपी इस जमीन का अधिग्रहण कर चुका है। मगर जमीन के अधिग्रहण के समय सुअर फार्म ने शर्त रखी थी कि फार्म की नई बिल्डिंग के निर्माण के बाद ही इस जमीन पर एचएसवीपी को कब्जा दिया जाएगा। हालांकि इसके लिए ठसका गांव के पास जमीन का चयन किया जा चुका है। यहां बिल्डिंग निर्माण के लिए अधिकारियों ने 58 करोड़ का एस्टीमेट तैयार कर मुख्यालय भिजवाया हुआ था। अब इसे मंजूर कर लिया गया है।
28.80 करोड़ की लागत से बनाई जा रही मास्टर रोड
इस सड़क की लंबाई 8.8 किलोमीटर होगी। इस प्रोजेक्ट पर 28.80 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस रोड का का एक हिस्सा सेक्टर 14 व 14 पार्ट टू के बीच में बनाया गया। दूसरा हिस्सा सेक्टर-33 के खत्म होनी वाली जगह पर बनाया है, जिसे सीधा साउथ बाईपास से जोड़ा गया है। तीसरा हिस्सा 14 पार्ट टू व 33 के बीच बनने वाली रोड से बस स्टैंड के पीछे साउथ बाईपास को जा रही रोड तक बनाया गया है। वहीं चौथा हिस्सा सेक्टर-14 के बनने वाले तीसरे गेट से भैंस फार्म के साथ-साथ बनाया जाएगा, जो 14 व 14 पार्ट टू को क्रॉस करते हुए सेक्टर-33 से जुड़ेगा। इस हिस्से का ही कुछ भाग बचा हुआ है।
योजना की डेडलाइन हो चुकी पूरी
इस योजना की डेडलाइन भी पूरी हो चुकी है। टेंडर की शर्त के अनुसार ठेकेदार को 9 माह में यह रोड तैयार करके देनी थी, लेकिन इसका निर्माण कार्य शुरू हुए डेढ़ साल हो चुका है और अभी भी निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है।
शेष हिस्से पर बनेगा तीसरा गेट
मास्टर रोड के बचे हुए हिस्से पर ही तीनों सेक्टरों में दाखिल होने के लिए तीसरा गेट बनेगा। फिलहाल दो गेट दिल्ली रोड पर बने हुए हैं। इस रोड के बनने से उकलाना, बरवाला व आदमपुर की तरफ से सेक्टर में आने वाले लोगों को सहूलियत होगी। इन तीनों सेक्टरों में करीब 5500 प्लॉट हैं।
प्लॉट की संख्या का आंकड़ा
सेक्टर कुल प्लॉट मकान
सेक्टर-14 2400 2200
पाटू-2 1000 400
सेक्टर-33 2200 600
सीए ने बजट को मंजूरी दे दी है। यह बजट पशुपालन विभाग को दिया जाएगा। इसके बाद हमें जमीन पर कब्जा मिल जाएगा। कब्जा मिलने के बाद रोड का काम शुरू कर दिया जाएगा। - राजेश खौथ, संपदा अधिकारी, एचएसवीपी
बजट का मामला काफी समय से लटका पड़ा था। पिछले दिनों एसोसिएशन ने जनसंवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सामने यह मामला रखा था। इस रोड के पूरा होने से तीनों सेक्टरों को काफी फायदा होगा। - प्रवीण सिंघल, संरक्षक, आरडब्ल्यूए सेक्टर-14 पार्ट टू