हिसार। आजाद नगर में प्रस्तावित 50 बेड के अस्पताल के लिए 13 कनाल 2 मरला जमीन स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। सोमवार को दिशा कमेटी की बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सांसद जयप्रकाश को इसकी जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। अब अस्पताल निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार करने और टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत यह जमीन स्वास्थ्य विभाग को निशुल्क हस्तांतरित की जानी है।
प्रदेश के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक ने अगस्त के पहले सप्ताह में उपायुक्त को पत्र भेजकर बताया था कि भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव राजस्व विभाग के 19 जनवरी 2021 और 5 जुलाई 2021 के नियमों के अनुरूप नहीं है। इन नियमों में सरकारी भूमि के निशुल्क हस्तांतरण का प्रावधान है। उपायुक्त से आवश्यक जानकारी और दस्तावेज जल्द उपलब्ध कराने के साथ निर्धारित प्रपत्र भरकर जमा कराने को कहा गया था ताकि प्रस्ताव को बिना देरी सरकार को दोबारा भेजा जा सके।
सिविल सर्जन को भी उपायुक्त कार्यालय के साथ समन्वय करने के निर्देश दिए गए थे। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान सांसद जयप्रकाश ने अधिकारियों से इस संबंध में जानकारी ली, जिस पर अधिकारियों ने जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने की बात कही।
किराये के भवन में चल रहा अस्पताल
26 अक्तूबर 2025 को गांव पनिहार में आयोजित धन्यवाद रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आजाद नगर में अर्बन हेल्थ सेंटर के निर्माण की घोषणा की थी। नलवा विधायक रणधीर पनिहार ने मुख्यमंत्री के समक्ष यह मांग रखी थी। घोषणा के बाद जिला प्रशासन ने अधिकारियों की समिति गठित की थी। समिति ने आजाद नगर थाने के पास पटवार भवन के पीछे करीब 13 कनाल खाली जमीन का चयन कर अस्पताल निर्माण का प्रस्ताव भेजा था। वर्तमान में आजाद नगर का अर्बन हेल्थ सेंटर किराये के भवन में चल रहा है। यहां स्टाफ की कमी के साथ सुविधाओं के विस्तार के लिए पर्याप्त जगह भी नहीं है। वर्ष 2023 में आजाद नगरवासियों ने दमकल विभाग के पास नगर निगम की खाली जमीन पर अर्बन हेल्थ सेंटर बनाने की मांग को लेकर एक साल से अधिक समय तक धरना दिया था।
-
मैंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से आजाद नगर के 50 बेड के अस्पताल के बारे में जानकारी मांगी थी। अधिकारियों ने बताया कि जमीन स्वास्थ्य विभाग को ट्रांसफर कर दी गई है। जल्द ही इस पर भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी। आजाद नगर का काफी बड़ा क्षेत्र स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद कर रहा है। अस्पताल बनने से लोगों को काफी हद तक राहत मिलेगी।
जयप्रकाश, सांसद, हिसार
-
खेदड़ के हेल्थ सेंटर को मिला पीएचसी का दर्जा
12 नए पदों को भी मंजूरी, नौ नियमित और तीन पद एचकेआरएन के माध्यम से भरे जाएंगे
हिसार। जिले के महाग्राम खेदड़ स्थित उप-स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में विकसित करने की सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई है। केंद्र के लिए 12 नए पदों के सृजन को भी मंजूरी दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमिता मिश्रा ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। इनमें नौ नियमित और तीन अनुबंध आधार पर ग्रुप-डी के पद शामिल हैं।
स्वीकृत पदों में एक चिकित्सा अधिकारी, एक महिला चिकित्सा अधिकारी और एक दंत शल्य चिकित्सक के अलावा एक फार्मासिस्ट, दो स्टाफ नर्स, एक प्रयोगशाला तकनीशियन, एक बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता (पुरुष) और एक बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) शामिल हैं। तीन श्रेणी-डी के पद हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के माध्यम से अनुबंध आधार पर भरे जाएंगे।
इन पदों पर होने वाला व्यय वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रावधानों के अनुसार होगा। सभी पदों का वेतनमान राज्य सरकार के नवीनतम दिशानिर्देशों के अनुरूप रहेगा। अनुबंध आधार पर सृजित पदों को अनुबंध व्यक्ति नीति, 2022 के तहत भरा जाएगा। केंद्र के भवन निर्माण पर होने वाले खर्च के लिए स्थायी वित्त समिति (एफडी-10) से अनुमोदन लेना अनिवार्य होगा। ब्यूरो