हिसार। मीरकां गांव में रहने वाले सुभाष के घर लाखों रुपये की नकदी और सोने के जेवरात चोरी हो गए। घटना के बाद सुभाष ने अपनी साली के बेटे महिपाल पर चोरी का आरोप लगाया है। इस संबंध में सदर थाना पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने फतेहाबाद के महिपाल पर चोरी का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में मीरकां गांव के रहने वाले सुभाष ने बताया कि 18 जुलाई को हमारे घर साली का बेटा महिपाल निवासी स्वामी नगर फतेहाबाद आया हुआ था। शाम करीब 7 बजे मेरी पत्नी मंदिर चली गई थी। आरोप है कि पीछे से महिपाल मौका पाकर अलमारी में से 2 लाख रुपये की नकदी और सोने के करीब 30 ग्राम के जेवर चोरी करके ले गया। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस कर्मियों ने शिकायत मिलने पर मौके का मुआयना किया और महिपाल के खिलाफ घर में घुसकर चोरी करने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
00000
उधार दिए रुपये मांगने पर युवक पर तेजधार हथियार से हमला
संवाद न्यूज एजेंसी
हिसार। सोहन सिनेमा के पास सुदामा नगर में रहने वाले अजय पर पड़ोस में रहने वाले दो भाइयों ने अपने साथियों के साथ मिलकर तेजधार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। इलाज के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया। बाद में मेडिकल कॉलेज अग्रोहा रेफर कर दिया। एचटीएम थाना पुलिस ने घायल के बाहर पर मोहित, बिट्टू और दो अन्य पर रास्ता रोककर मारपीट, जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए गए बयान में अजय का कहना है कि वह ठंडी सड़क स्थित एक दुकान पर कारपेंटर का काम करता है। करीब डेढ़ माह पहले पड़ोस में रहने वाले मोहित को उधार रुपये दिए थे। एक सप्ताह पहले मोहित से फोन पर रुपये मांगे तो उसने उस समय रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी थी। अजय ने बताया कि बुधवार रात करीब नौ बजे दुकान से घर की तरफ जा रहा था। रास्ते में सिनेमा के पास मोहित उसके भाई बिट्टू और दो अन्य ने रास्ता रोक लिया। आरोप है कि तेजधार हथियार से हमला कर घायल कर दिया और बाद में मौके से फरार हो गए।