हिसार। जिले की उकलाना मंडी स्थित श्रीकृष्ण गोशाला में रविवार को बैल की टक्कर के बाद पानी के टैंक में गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक कलू (20) उत्तर प्रदेश के सीतापुर का रहने वाला था। घटना की सूचना मिलते ही उकलाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
थाना प्रभारी अमित कुंडू बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल भेजा गया है।
थाना प्रभारी अमित कुंडू ने बताया कि कलू गोशाला में रोज़ाना की तरह गायों को शेड से बाहर खुले में निकाल रहा था। इसी दौरान अचानक एक बैल ने उसे टक्कर मार दी। जान बचाने की कोशिश में वह पास की दीवार पर चढ़ गया, लेकिन दीवार की ईंटें ढीली होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह दूसरी ओर बने पानी के टैंक में जा गिरा। गिरते समय उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने कलू को पानी के टैंक में गिरते देखा तो तुरंत मदद के लिए दौड़े और उसे बाहर निकाला। घायल अवस्था में उसे तुरंत उकलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।