हरियाणा जनहित कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने भाजपा-हजकां गठबंधन के तहत हजकां के दोनों प्रत्याशियों का ऐलान किया। हिसार लोकसभा से वह खुद प्रत्याशी होंगे, जबकि करनाल सीट से पूर्व डिप्टी सीएम और उनके भाई चंद्रमोहन पार्टी के प्रत्याशी होंगे।
हजकां-भाजपा गठबंधन के तहत हरियाणा जनहित कांग्रेस के हिस्से दो सीटें आई थी। आदमपुर के गांव चौधरीवाली में जगदीश मांझू के आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कुलदीप बिश्नोई ने दोनों सीट पर प्रत्याशियों का ऐलान किया।
उन्होंने कहा कि करनाल सीट को लेकर सोमवार देर रात तक कोर कमेटी की बैठक हुई, जिसमें चार उम्मीदवाराें के नाम पर मंथन किया गया। करनाल की कार्यकारिणी से भी इस बारे में विचार-विमर्श किया गया। इस पर सभी ने मांग रखी कि इस सीट पर चौधरी भजनलाल के परिवार के किसी सदस्य को उतारा जाए।
इसके बाद हजकां-भाजपा गठबंधन ने फैसला लेते हुए चंद्रमोहन बिश्नोई के नाम पर सहमति जताई। उन्होंने कहा कि वह हिसार लोकसभा सीट से खुद प्रत्याशी होंगे। गठबंधन ने विजयी होने वाले लोगों को ही उम्मीदवार बनाया है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि करनाल सीट परिवारवाद के नाते चंद्रमोहन को नहीं दी गई।
कार्यकर्ताओं की मांग और जीतने की ताकत रखने वाले प्रत्याशी को दी गई है। मोदी को पीएम बनाने के लिए हर एक सीट जीतना जरूरी है। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव में वह हरियाणा के अलावा दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश और चंडीगढ़ में प्रचार के लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विनोद शर्मा साफ स्वच्छ छवि के नेता हैं।
उन्हें हजकां में शामिल करने का फैसला गठबंधन को करना था। इस अवसर पर पूर्व सांसद पं. रामजीलाल, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव दूड़ाराम बिश्नोई, द्वारका प्रसाद, देवीलाल बिश्नोई, रणधीर पनिहार और जिला पार्षद राजबाला खेड़ीबर्की सहित अन्य उपस्थित थे।