गांव देवां में मास्टर फकीरचंद खेल स्टेडियम का उद्घाटन करते पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई , नलवा वि
हिसार। गांव देवां में पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई ने मास्टर फकीरचंद कालीरामणा खेलकूद मैदान का उद्घाटन किया। इस मौके पर नलवा विधायक रणधीर पनिहार भी साथ रहे। ग्रामीणों ने पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई से इस खेलकूद मैदान में ओपन जिम लगवाने की मांग रखी। जिस पर उन्होंने भरोसा दिलाया कि गांव के युवाओं की इस मांग को पूरा कराएंगे।
पूर्व सांसद बिश्नोई ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार युवाओं के लिए नई खेल नीति में करोड़ों रुपये से खेल मैदान तैयार कर रही है। खेलकूद मैदान के लिए 15 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इसमें जिला परिषद ने 12 लाख और ब्लाॅक समिति ने 3 लाख रुपये खर्च किए।
ब्लाक समिति के पूर्व वाइस चेयरमैन रविंद्र रोकी ने बताया कि मास्टर फकीरचंद कालीरामणा खेलकूद मैदान के पहले चरण का उद्घाटन तत्कालीन डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा ने किया था। इस मौके पर विधायक रणधीर पनिहार, गांव की सरपंच सुमन देवी, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कीर्ति सिरोहीवाल, एक्शन पंचायती राज अभिषेक नैन मौजूद रहे।