हिसार। पूर्व सांसद व भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई बुधवार को सोशल मीडिया के माध्यम से कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। वह न सिर्फ पिछले दिनों पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल पर की गई टिप्पणी पर खुलकर बोले बल्कि अपने विरोधियों को भी जवाब दिया। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि राज्यसभा सदस्य रेखा शर्मा की टिप्पणी के बाद वह काफी आहत थे और बड़ा फैसला लेने वाले थे। इम मामले में उन्हें माफी देने का फैसला अचानक नहीं लिया।
कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि उनके पिता का अपमान उनकी आत्मा पर एक घाव था। आपको सच बताना चाहता हूं कि मैं बहुत बड़ा फैसला लेना चाहता था। यह सिर्फ अपने लिए नहीं बल्कि चौधरी साहब के सम्मान और आप सभी के स्वाभिमान के लिए लेकिन राजनीति सिर्फ भावनाओं से नहीं चलती। आज भाजपा ने हमें दोबारा सम्मान दिया है। मैं इससे पूर्ण संतुष्ट हूं। हमारी संस्कृति भी यह कहती है कि क्षमा करने वाला हमेशा बड़ा होता है। कुछ लोगों ने कहा कि आपने बहुत जल्दी माफ कर दिया। मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि रेखा शर्मा की माफी का वीडियो दो दिन पहले मेरे पास आ गया था। इसे देखने के बाद शुभचिंतकों के साथ चर्चा की और बाद में माफी स्वीकार करने का निर्णय लिया। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि अपने पिता की समाधि के आगे सिर झुकाकर आपसे वादा करता हूं कि चाहे हरियाणा हो या राजस्थान, मैं आपके सम्मान के लिए हमेशा लड़ता रहूंगा।
मुख्यमंत्री ने पूर्व सीएम चौधरी भजनलाल को दी श्रद्धांजलि
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल की 15वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को आदमपुर स्थित उनकी समाधि स्थल पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहुंचे। उन्होंने समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वह हेलिकॉप्टर से आदमपुर पहुंचे और श्रद्धांजलि के बाद रवाना हो गए। इस अवसर पर पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, पूर्व विधायक रेनुका बिश्नोई, पूर्व विधायक दुड़ाराम, पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई, विधायक रणधीर पनिहार मौजूद रहे।