सोनाली के ससुराल पक्ष से मिले कुलदीप बिश्नोई।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
खाप पंचायत में सोनाली फोगाट की राजनीतिक वारिस बनी उनकी बहन रुकेश के आदमपुर उपचुनाव में उतरने के एलान के बाद सोमवार को पूर्व विधायक कुलदीप बिश्नोई सोनाली के ससुराल पक्ष के परिवार से मिलने पहुंचे। कुलदीप ने परिवार को भरोसा दिलाया कि सीबीआई जांच को जल्द पूरा कराने की मांग को उठाएंगे। फोगाट परिवार ने कहा कि हम किसी तरह की राजनीति नहीं चाहते। कुछ लोग अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा के चलते फिजूल के आरोप लगा रहे हैं।
कुलदीप बिश्नोई सोमवार को सोनाली के जेठ, सास, भतीजों सहित परिवार के अन्य सदस्यों से मिले। अब सोनाली के मायके व ससुराल में अब मतभेद नजर आने लगे हैं। फोगाट परिवार ने राजनीति से इनकार किया है। सोनाली फोगाट की सास ने कहा कि हमें कोई शक नहीं है।
हम किसी तरह की राजनीति नहीं चाहते। सोनाली के भतीजे मनिंद्र ने कहा कि कुलदीप बिश्नोई ने सीबीआई जांच जल्द पूरी होने की बात कही। कुलदीप बिश्नोई ने जल हाथ में लेकर भरोसा दिलाया कि जहां कहेंगे मैं परिवार के साथ खड़ा रहूंगा।
Haryana: प्रदेश से मानसून की विदाई एक अक्तूबर तक संभावित, सामान्य से 9 प्रतिशत अधिक हुई बारिश
असली परिवार से नहीं मिले कुलदीप, सता रहा हादसे का डर : अमन पूनिया
सोनाली फोगाट की बहन रुकेश के पति अमन पूनिया ने कहा कि जिन लोगों से कुलदीप बिश्नोई मिले वह असली परिवार नहीं है। सोनाली के पति की मौत हो चुकी है। उसके पति के भाइयों में से सिर्फ सुरेंद्र फोगाट जिंदा हैं। दूर दराज के रिश्तेदार कुछ भी बयान दे सकते हैं। जिन लोगों ने कुलदीप के साथ होने के बयान दिए हैं वह लोग सोनाली के न्याय की मांग में पहले भी नहीं खड़े थे, अब भी नहीं हैं।
वह लोग खुद ही कह रहे हैं कि 20 साल से कांग्रेसी होने के नाते कुलदीप के साथ काम कर रहे थे। हम अपने बयान पर पूरी तरह से कायम हैं। आज के घटनाक्रम के बाद हमें डर सताने लगा है। पता नहीं हमारे साथ भी किसी तरह का हादसा तो नहीं करा दिया जाएगा। उपचुनाव से पहले हमें गायब करा दिया जाए।
24 सितंबर को बुलाई थी खापों की महा पंचायत
24 सितंबर को जाट धर्मशाला में खापों की महा पंचायत बुलाई गई थी। इसमें सोनाली के भाई रिंकू ढाका ने कुलदीप बिश्नोई पर शक जाहिर किया था। खाप पंचायतों ने कहा था कुलदीप इस बारे में परिवार के सामने अपना पक्ष रखें। सोनाली की बेटी यशोधरा ने अपनी मौसी रुकेश को सोनाली का राजनीतिक वारिस घोषित किया था। इसके बाद रुकेश के पति अमन पूनिया ने आदमपुर उपचुनाव में उतरने का एलान किया। 23 अक्तूबर को आदमपुर में समर्थकों की बैठक बुलाने की घोषणा भी की गई है।