हरियाणा के बसपा प्रदेशाध्यक्ष कृष्ण जमालपुर।
हिसार। बहुजन समाज पार्टी ने हरियाणा में पार्टी संगठन को मजबूती देने के लिए कृष्ण जमालपुर को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वे हांसी के पास स्थित गांव जमालपुर के निवासी हैं। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण जमालपुर छात्र राजनीति से सक्रिय हुए थे। आम कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद और पार्टी की नीतियों को आगे बढ़ाने की उनकी क्षमता के चलते उनको प्रदेश अध्यक्ष चुना गया।
कृष्ण जमालपुर ने वर्ष 1995 में पार्टी में बूथ अध्यक्ष से संगठनात्मक राजनीति का सफर शुरू किया था। इससे पूर्व पढ़ाई के दौरान छात्र राजनीति के साथ बसपा से भी सक्रिय रूप से जुड़े रहे। वर्ष 2002 में बवानी खेड़ा विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष बने तथा वर्ष 2004 में भिवानी के जिला अध्यक्ष नियुक्त हुए। लोकसभा क्षेत्र अध्यक्ष की भी जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।
वर्ष 2006 में प्रदेश सचिव तथा वर्ष 2007 से 2010 तक प्रदेश महासचिव रहे। इसके बाद जोन प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए प्रदेश प्रभारी नियुक्त हुए। बवानी खेड़ा विधानसभा क्षेत्र से 2005 और 2009 में विधानसभा चुनाव लड़ा। इस दौरान कई आंदोलनों में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।