संवाद न्यूज एजेंसी
हिसार। रेलवे स्टेशन के बाहर अंडे की रेहड़ी पर काम करने वाला एक युवक रेहड़ी पर रखा बैग उठाकर भाग गया। बैग में 1.44 लाख रुपये थे। बैग मालिक महेंद्रगढ़ के बुचौली गांव निवासी राहुल ने उसका पीछा किया तो चाकू दिखाया। यह देखकर वह डर गया। इसका फायदा उठाकर वह भाग गया। एचटीएम थाना पुलिस ने युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में राहुल ने बताया कि सोमवार को उसे कोर्ट में कुछ काम था। रविवार रात 11 बजे महेंद्रगढ़ से रेलवे स्टेशन पर पहुंचा था। रेलवे स्टेशन के बाहर दोस्त मोनू के पास आया।
वह अंडे की रेहड़ी लगाता है। उसके पास बैग में 1.44 लाख रुपये थे, जो भाई साहिल को देने थे। उसने बैग रेहड़ी पर रख दिया और दोस्त के साथ बात करने लगा।
इसी दौरान रेहड़ी पर काम करने वाला युवक बैग उठाकर चुपके से जाने लगा। उसने पीछा किया तो चाकू दिखाकर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।