हिसार। चुनाव प्रचार का शोर थमने के बाद शुक्रवार को प्रत्याशियों ने दिन में डोर टू डोर जाकर वोट मांगे, वहीं इसके बाद वार रूम में बैठकर विरोधी पक्ष के वोट अपने पाले में कैसे लाएं, इस पर रणनीति बनाई। प्रत्याशी और समर्थक रातभर कॉलोनियों व मोहल्लों में अपने परिचितों, समाज व संगठन विशेष के प्रतिनिधियों के दरवाजे खटखटाते रहे। मान-मनुहार की और उन्हें अपने पाले में लाने की कवायद में जुटे रहे।
दिन में प्रत्याशियों ने शनिवार को होने वाली पोलिंग के लिए कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई। बूथ लेवल पर नियुक्त किए गए एजेंटों को पूरी तरह से अलर्ट रहने के निर्देश दिए। माइक्रो मैनेजमेंट के तहत हर गली-मोहल्ले के हिसाब से कार्यकर्ताओं को मतदाताओं तक पहुंचकर मतदान केंद्र तक लाने की जिम्मेदारी सौंपी। कोई भी वोटर मतदान से वंचित न रह जाए, इसकी कार्ययोजना बनाई गई।
गौतम सरदाना का समर्थकों ने किया स्वागत
निर्दलीय प्रत्याशी गौतम सरदाना ने चुनाव कार्यालय में प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर मतदान की रणनीति तैयार की। कार्यालय पहुंचने पर समर्थकों ने उनका फूलों से स्वागत किया। सरदाना ने कहा कि जनता ने हमेशा ही मान, सम्मान व स्वाभिमान बरकरार रखने के लिए मतदान किया है। इस बार भी उसी हिसाब से मतदान करेगी। शाम के बाद उन्होंने अपनी कोर टीम के साथ बैठकर मंथन किया।
राड़ा ने कार्यकर्ताओं से लिया फीडबैक
प्रत्याशी रामनिवास राड़ा ने अपने चुनाव कार्यालय में बैठ कर चाय की चुस्की ली। बेहतरीन तरीके से मैनेजमेंट संभालने वाले कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया। पूरी तरह से सतर्क रहकर एक-एक वोट डलवाने के लिए प्रेरित किया। उन्हाेंने ट्रक यूनियन कार्यालय परिसर में लोगों से मुलाकात कर वोट के लिए अनुरोध किया।
सावित्री जिंदल ने गुरुद्वारे में मत्था टेका
निर्दलीय प्रत्याशी सावित्री जिंदल ने गुरुद्वारे में जाकर मत्था टेका। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने उन्हें सरोपा भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने अपने आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात की। उन्होंने कहा कि हिसार के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद सदैव उनके साथ रहा है और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
नागोरी गेट पहुंचे संजय सातरोड़िया
आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी संजय सातरोडिया ने डोर टू डोर अभियान के तहत नागोरी गेट, अग्रवाल कॉलोनी, राजगुरु मार्केट, मंडी रोड, मोना मंडी व भामाशाह नगर में लोगों से रूबरू होकर झाडू के निशान पर मतदान का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 5 अक्तूबर को अपने भाग्य का फैसला सोच समझ कर करना। डोगरण मोहल्ला, मुल्तानी चैक, गोविंदगढ़ बाजार, पड़ाव चैक में लोगों से मिलकर वोट मांगे।
रणधीर पनिहार ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
नलवा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी रणधीर पनिहार के समर्थक शुक्रवार को उनके आवास पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के अंतिम दिन बेहद सतर्कता बरतें। लोगों को जाकर कहें कि अपने वोट की ताकत को पहचानें क्योंकि आपका वोट नलवा का अगले पांच साल का भविष्य तय करेगा। शाम के बाद से देर रात तक वह कार्यकर्ताओं के साथ फील्ड में रहे।
जोश व होश बनाए रखें समर्थक
जननायक जनता पार्टी आजाद समाज पार्टी के साझे उम्मीदवार वीरेंद्र चौधरी ने पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं व समर्थकों की ड्यूटी निर्धारित की और पूरी ईमानदारी के साथ पोलिंग बूथ संभालने का आह्वान किया। चौधरी ने कहा कि आपकी मेहनत निष्फल नहीं रहेगी। देर शाम कार्यालय आकर कैसे अपने पक्ष में सर्वाधिक मतदान करें, इस पर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की।
कैप्टन ने डोर टू डोर जाकर मांगे वोट
नारनौंद से भाजपा प्रत्याशी कैप्टन अभिमन्यु ने शुक्रवार को डोर टू डोर जनसंपर्क कर वोट की अपील की। उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र के चहुंमुखी विकास व युवाओं को रोजगार दिलवाने के लिए मैदान में उतरे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे हरियाणा की राजनीति में नारनौंद को ऐतिहासिक ऊंचाइयों पर लेकर जाएंगे। शाम को अपने कार्यालय में कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया और बाद में फिर से जनसंपर्क के लिए निकल गए।