परिजनों ने पहले आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव लेने से इन्कार किया। डीएसपी ने निष्पक्ष जांच और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया जिसके बाद परिजन शव लेकर गांव रवाना हुए। पुलिस को दिए बयान में करण के भाई अर्जुन ने बताया कि 23 अक्तूबर को वे सालासर से ट्रेन से लौट रहे थे। ट्रेन के डिब्बे में हिसार के शास्त्री नगर के कुछ युवक जोर-जोर से भोंपू बजा रहे थे। यात्रियों के ऐतराज करने पर युवकों ने बहस की और धमकी दी। हिसार पहुंचने पर हमलावरों ने अपने दोस्त बुला लिए थे।
फुटओवर ब्रिज पर हमला और गिरफ्तारी
फुटओवर ब्रिज पर आरोपियों ने करण और उसके साथियों से झगड़ा शुरू कर दिया। इस दौरान करण, शुभम, राहुल और मोनू को चाकू लगे। अर्जुन ने मोहित चौहान, अरुण वाल्मीकि और रितिक सहित अन्य पर हत्या का आरोप लगाया। वारदात सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। रात करीब 11 बजे हाथ पर चोट लगा एक युवक जिला नागरिक अस्पताल पहुंचा जिसे करण के साथियों ने पहचान लिया और पुलिस ने हिरासत में ले लिया। घायल मोनू को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया जबकि राहुल और शुभम का जिला नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है।
परिजनों के बयान पर तीन नामजद युवकों सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जीआरपी के अलावा सीआईए वन और सीआईए टू की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी में सहयोग कर रही हैं। कुछ जगहों पर दबिश भी दी गई है। - कृष्ण कुमार, डीएसपी, जीआरपी