बास। गांव खांडा खेड़ी में 27 जनवरी को 61 वर्षीय कमला देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का खुलासा पुलिस 13 दिन बाद भी नहीं कर पाई। मृतका के बेटे मोहित ने अज्ञात लोगों की ओर से सोने के जेवर लूटने की नीयत से हत्या किए जाने की आशंका जताई। घटना के समय महिला की गले की सोने की चेन और कानों के झुमके गायब थे।
पुलिस को दर्ज कराई शिकायत में मोहित के अनुसार, उनकी मां हृदय रोग से पीड़ित थीं और हिसार के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। 20–21 जनवरी को मोहित ने अपनी मां का स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। 26 जनवरी को विदेश जाने के लिए वह दिल्ली गए थे और 27 जनवरी की शाम लगभग छह बजे घर लौटे। घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला और अंदर कोई जवाब नहीं था। अंदर कमरे में जाकर उन्होंने अपनी मां को फर्श पर अचेत अवस्था में पाया। मोहित ने बताया कि अलमारी में रखे 2.10 लाख रुपये और अन्य जेवर सुरक्षित मिले, लेकिन कमला देवी की चेन और झुमके गायब थे। जांच अधिकारी रविश कुमार का कहना है कि पुलिस संदिग्ध लोगों की तलाश कर रही है। उन्होंने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने का दावा किया है।