फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कबीर ने हिन्दू-मुस्लिमों को एक सूत्र में पिरोया : सीएम

Tue, 21 Jun 2016 12:09 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, हिसार
विज्ञापन
कबीर जयंती पर बोले सीएम खट्टर - फोटो : bureau
विज्ञापन
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश के लोगों का आह्वान किया कि वे सामाजिक कार्यक्रमों के नाते अपनी जातियों में रहें, परंतु जहां समाज व प्रदेश की बात हो तो जातियों से ऊपर उठकर काम करें। पढ़ लिखकर जिन लोगों ने अवसर का लाभ उठाकर समृद्धि हासिल की है, वे समाज के ऋणी हैं, उनका कर्तव्य बनता है कि कमजोर लोगों को आगे लाने का काम करें।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि कबीर ने हिन्दू-मुस्लिम एकता की बात कहकर समाज को एक सूत्र में बांधने का काम किया था। उन्होंने कहा कि कबीर अरबी भाषा का शब्द है, जिसका अर्थ महान है।


मुख्यमंत्री सोमवार को संत कबीर दास की 618वीं जयंती पर हिसार के संत कबीर छात्रावास में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने छात्रावास में डॉ. बीआर अंबेडकर पुस्तकालय का उद्घाटन तथा संत शिरोमणि संत कबीर दास भवन का शिलान्यास किया।
विज्ञापन


इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने स्वैच्छिक कोष से 21 लाख रुपये तथा परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी तथा मुख्य संसदीय सचिव डा. कमल गुप्ता की ओर से भी संस्थान को 5-5 लाख रुपए का अनुदान देने की घोषणा की।

गौरतलब है कि वर्तमान सरकार ने पहली बार भगवान वाल्मीकि जयंती, संत रविदास जयंती, बीआर अंबेडकर जयंती तथा कबीर दास जयंती को सरकारी स्तर पर मनाने का निर्णय लिया है।

पूर्व मंत्री जयनारायण खुंडिया ने मुख्यमंत्री सहित अन्य अतिथियों का समारोह में पहुंचने के लिए आभार व्यक्त किया व सम्मान के तौर पर शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।

हर 20 किमी की परिधि में खुलेगा राजकीय कन्या महाविद्यालय : पंवार
समारोह में विशिष्ट अतिथि परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि युवा पीढ़ी को महापुरुषों की जीवनियों से सीख लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति में उनका पिछले 30 साल का अनुभव है। लगातार पांच बार वे विधायक बने हैं।

हर मुख्यमंत्री को उन्होंने करीब से देखा है, परंतु मुख्यमंत्री मनोहर लाल जैसा कोई नहीं। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास के रास्ते पर चलते हुए सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं और प्रदेश में हर विधानसभा क्षेत्र में 150 से 200 करोड़ रुपये की सौगात दे रहे हैं, भले ही विधायक भारतीय जनता पार्टी का है या नहीं।

उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को मुख्यमंत्री ने गंभीरता से लिया है और हर 20 किलोमीटर की परिधि में एक राजकीय कन्या महाविद्यालय खोलने का निर्णय लिया है।

पिछली सरकारों ने सिर्फ समाज को बरगलाया : बेदी
मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि पहले की सरकारों ने गरीब समाज के लोगों को केवल वोट बल के तौर पर प्रयोग किया। हकीकत में समाज के लिए कुछ नहीं किया। केवल बरगलाने का काम किया। उत्तर प्रदेश के सांसद विनोद कुमार सोनकर ने कहा प्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसमें महापुरुषों की जयंती मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में अनुसूचित जाति के लोगों के लिए बहुत योजनाएं चलाई जा रही है, जबकि उत्तर प्रदेश में इस वर्ग के लोगों की क्या हालत है, यह सब किसी से छिपी नहीं है।

वोट आपका, नाम इंदिरा और राजीव का : बराला
भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा संत कबीर ने काशी में जन्म लेकर जीवन को आध्यात्मिकता से जोड़ा। उन्होंने कहा कि आज से 15-20 वर्ष पहले देश व प्रदेश का राजनीतिक माहौल कुछ अलग था। वोट आपका होता था और संस्थानों पर नाम इंदिरा और राजीव का।

उन्होंने कहा कि कैथल के मुंदरी में संस्कृत महाविद्यालय खोला जा रहा है जिसका नाम महापुरुषों के नाम पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों प्रदेश में सामाजिक भाईचारे को खराब करने का काम किया। भाइयों को भाइयों से लड़ाया। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि मिलकर समाज को आगे बढ़ाए।

समिति की फूट आई सामने, सीएम ने कहा एक हो जाओ
संत कबीर की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित करने वाली समिति की फूट मंच पर सामने आई। खुद सीएम ने कहा कि वे इस कार्यक्रम में खुद नहीं आते। शुरू में उन्होंने आने से मना कर दिया था। फिर सरकार के एक नेता ने मध्यस्थता की और उन्हें कहा अब ठीक हो गया है आप आ जाओ। उन्होंने कहा कि मुझे अभी भी थोड़ा ठीक नहीं लग रहा। कमेटी आकर एक महीने के अंदर मुझे यह तसल्ली करवा दे। पांच लाख और ले जाना।

समारोह को मुख्य संसदीय सचिव डॉ. कमल गुप्ता, मुख्यमंत्री के राजनीति सलाहकार जगदीश चोपड़ा, अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्ग कल्याण निगम की चेयरपर्सन सुनीता दुग्गल, पिछड़ा आयोग के चेयरमैन रामचंद्र जांगड़ा, पूर्व ईटीसी तारा सिंह तुरकिया, पूर्व मंत्री प्रो. छत्रपाल, संत स्वामी रामेश्वरानंद, जोगीराम खुंडिया, ओमप्रकाश खटक, आनंदस्वरूप डाबला, दरियाव सिंह धानक, विक्रांत बागड़ी, रत्नलाल बामणिया, प्रमुख समाजसेवी कर्मबीर बौद्ध, हरियाणा वाल्मीकि महासभा के अध्यक्ष एमएल सारवान, पूर्व उपायुक्त ओमप्रकाश इंदौरा, सीता राम मौर्य गंगानगर, पूर्व एडीसी रोशन लाल, रामअवतार वाल्मीकि ने भी संबोधित किया।

ये रहे मौजूद
इस अवसर पर अंत्योदय योजना के प्रदेश अध्यक्ष रामनिवास गोयल, जिला परिषद के चेयरमैन ब्रहमदेव, बीजेपी के जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र पूनिया, निगरानी समिति के जिला अध्यक्ष प्रो. मंदीप मलिक, जिला महामंत्री सुजीत कुमार, उपायुक्त निखिल गजराज, पुलिस अधीक्षक अश्विन शैणवी, सीमा गैबीपुर, रवि सैनी, पार्षद नरेन्द्र शर्मा, कृष्ण लाल पवार, जयभगवान, जसबीर बागड़ी, रमेश खटक, युवा मोर्चा प्रदेश सचिव एडवोकेट योगेश सिहाग, एडवोकेट विनोद गोयत, सतबीर बाल्मिकी, अनिल सैनी, संत कबीरदास छात्रावास समिति के पदाधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें