YouTuber Jyoti Malhotra: पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार ज्योति से जुड़े हर किरदार के तार एजेंसियां खंगाल रही हैं। जांच एजेंसियां ज्योति के बनाए वीडियो से ही उससे जुड़े लोगों तक पहुंच रही हैं। यात्री डॉक्टर नाम से ब्लॉग चलाने वाले नवांकुर चौधरी भी पुलिस की राडार पर है।
पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार ज्योति मल्होत्रा से जुड़े तमाम किरदारों पर केंद्रीय व खुफिया जांच एजेंसियों की निगाहें हैं। ज्योति ने देश में सामरिक महत्व के कई हिस्सों में जाकर वीडियो बनाए। जांच एजेंसियां ज्योति के वीडियो खंगालकर उनमें नजर आ रहे लोगों तक पहुंचकर जासूसी के नेटवर्क की तह तक जाने के प्रयास में हैं।
विज्ञापन
सूत्र बताते हैं कि ज्योति मल्होत्रा के कश्मीर में बनाए वीडियो की बारीकी से जांच की जा रही है, जिसमें उसके साथ पुरी की प्रियंका सेतुपति भी नजर आ रही है। जांच एजेंसियों ने प्रियंका से भी पूछताछ की है। ज्योति दो बार पाकिस्तान जाकर सेना के लोगों से मिलती दिखाई दी थी।
नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान एंबेसी में आयोजित एक कार्यक्रम में ज्योति ने वीडियो में ही दिखाया कि वह चीन के लोगों से भी मिल रही है। उनसे चीन के वीजा के लिए बातचीत कर रही थी। रोहतक के यात्री डॉक्टर नाम से ब्लॉग चलाने वाले नवांकुर चौधरी से भी पुलिस पूछताछ करेगी।
नवांकुर चौधरी ने मद्रास मेडिकल कॉलेज (2015 बैच) से एमबीबीएस किया था। उन्होंने चिकित्सा के पेशे को छोड़कर ट्रैवल ब्लॉगिंग शुरू की। 20 सितंबर 2017 को यात्री डॉक्टर के नाम से यूट्यूब चैनल शुरू किया। नवांकुर चौधरी का जन्म 2 मार्च 1996 को रोहतक में हुआ था। स्कूली शिक्षा रोहतक में ही हुई । फिलहाल वह मुंबई में रहते हैं। नवांकुर के यूट्यूब चैनल ‘यात्री डॉक्टर’ पर 17 लाख से अधिक सबस्क्राइबर हैं।
हिसार पुलिस ने ज्योति मल्होत्रा से जुड़े कुरुक्षेत्र निवासी हरकीरत से भी पूछताछ की। इसे शनिवार रात घर से उठाया और रविवार को पूछताछ के बाद छोड़ दिया। इसके मोबाइल पुलिस ने जब्त किया है। हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक सिख कमेटी के यात्रा विंग के हेड हरकीरत ज्योति के संपर्क में था। उसकी एक वीडियो में हरकीरत नजर आ रहा है।
पुलिस ने उससे पूछा कि ज्योति से आपकी कितनी बार मुलाकात हुई। किस तरह से उसने वीजा लिया था। पुलिस इस जांच में भी जुटी है कि पंजाब और हरियाणा में जासूसी के शक में अब तक पकड़े गए आरोपियों का आपस में भी कोई कनेक्शन है क्या। ये लोग किस-किस तरह की भूमिका निभा रहे थे। पाकिस्तान की ओर से इन्हें फंडिंग तो नहीं की जा रही थी।
ज्योति मल्होत्रा का बाली का टूर पाकिस्तान ने स्पांसर क्यों किया
जांच में सामने आया है कि ज्योति मल्होत्रा का बाली का टूर पाकिस्तान की ओर से स्पांसर किया गया था। आखिर पाकिस्तान ने उसका टूर स्पांसर क्यों किया। इसके बदले क्या डील थी? इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। ज्योति से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
बॉर्डर के पास तारबंदी के वीडियो बनाए
ज्योति ने राजस्थान में थार में जाकर बॉर्डर के बेहद करीब के वीडियो भी बनाए हैं, जिसमें तारबंदी दिखाई दे रही थी। इसके बाद ज्योति पहलगाम भी गई थी। वहां वह किन किन लोगों से मिली। किस तरह से वहां वीडियो बनाए। इनकी भी जांच की जा रही है।