हिसार। जिंदल स्टेनलेस लिमिटेड (जेएसएल) ने जिंदल यूनाइटेड स्टील लिमिटेड (जेयूएसएल) का अधिग्रहण पूरा कर लिया है। इससे पहले जेएसएल के पास जेयूएसएल में 26 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। जेएसएल ने अब 958 करोड़ रुपये नकद राशि के सौदे के आधार पर जेयूएसएल की शेष 74 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण कर लिया है। इस हस्तांतरण के बाद जेयूएसएल अब जेएसएल की 100 प्रतिशत स्वामित्व वाली सहायक कंपनी बन गई है।
जेयूएसएल 16 लाख टन की सालाना क्षमता वाले हॉट स्ट्रिप मिल (एचएसएम) और दो लाख टन सालाना की क्षमता वाले कोल्ड रोलिंग मिल (सीआरएम) का परिचालन करती है। साथ ही ओडिशा स्थित जाजपुर संयंत्र में चल रही क्षमता विस्तार परियोजना पूरी हो जाने पर कंपनी की कुल क्षमता बढ़कर 32 लाख टन सालाना हो जाएगी।
जेएसएल के प्रबंध निदेशक अभ्युदय जिंदल ने इस अधिग्रहण पर अपनी टिप्पणी में कहा कि स्टेनलेस स्टील के संबंध में मजबूत दृष्टिकोण और जेयूएसएल तथा जेएसएल के सहयोग के मद्देनजर जेएसएल के निदेशक मंडल ने स्टेनलेस स्टील विनिर्माण से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण ईकाइयों को एकीकृत परिचालन के तहत शामिल करने का फैसला किया है। इस अधिग्रहण से दोनों कंपनियों के बीच बेहतर तालमेल होगा और संचालन का बेहतर ढांचा तैयार होगा, जिससे सभी सम्बद्ध पक्षों के लिए मूल्य में वृद्धि होगी। जेएसएल के निदेशक मंडल और सदस्यों ने इस हस्तांतरण को पहले ही मंजूरी दे दी थी।