सिंचाई विभाग परिसर हिसार में बैठक कर रोष जताते कर्मचारी।
हिसार। सिंचाई विभाग में कार्यरत इलेक्ट्रिशियन रेशमा ने जेई पर मानसिक उत्पीड़न और अभद्रता के आरोप लगाए। मामले के विरोध में विभागीय कर्मचारियों ने मंगलवार को कार्यकारी अभियंता कार्यालय के बाहर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया।
धरने की अध्यक्षता शाखा प्रधान दीपक शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि संगठन किसी भी महिला कर्मचारी के सम्मान से समझौता बर्दाश्त नहीं करेगा। कर्मचारियों ने जेई नितिन और जिलेदार राजेश शर्मा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्यकारी अभियंता ने यूनियन प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक के बाद जारी कार्यवृत्त के अनुसार, जेई नितिन और इलेक्ट्रिशियन रेशमा के बीच विवाद आपसी सहमति से सुलझा लिया गया। जेई नितिन ने अपने व्यवहार पर खेद जताते हुए भविष्य में ऐसी घटना न दोहराने का आश्वासन दिया।
वहीं जिलेदार राजेश शर्मा ने टेलीफोन पर अपने व्यवहार के लिए खेद व्यक्त किया और कार्यालय आने पर व्यक्तिगत रूप से माफी मांगने का आश्वासन दिया। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने के लिए पत्र जारी किया जाएगा। बैठक में निर्णय लिया कि कैनाल कॉलोनी का लुक आफ्टर चार्ज अब किसी अन्य जेई को सौंपा जाएगा। साथ ही इलेक्ट्रिशियन रेशमा के सरकारी आवास की मरम्मत 10 दिनों के भीतर कराने का आश्वासन दिया गया। धरने में जिला ऑडिटर सतीश दनोदा, करण नैन, अशोक शर्मा, सुरेंद्र चहल, दिनेश यादव, विनोद फौजी, नरेंद्र पाल, नरेंद्र सिंह मौजूद रहे।