ऑटो मार्केट फेज थ्री में खड़ी जेसीबी में करंट आने से उसे छूने पर मंगलवार को तीन गायों की मौत हो गई। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना बिजली निगम व नगर निगम अधिकारियों को दी। इसके बाद सिटी सब डिविजन की एसडीओ सुमन रानी ने कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। बिजली निगम अधिकारियों ने जेसीबी से सटी तार को नगर निगम की स्ट्रीट लाइट की तार बताया।
शाम को खड़ी करके गया था जेसीबी
दरअसल, हुआ यूं कि सोमवार शाम को कोई चालक अपनी जेसीबी को ऑटो मार्केट फेज थ्री में छोड़कर चला गया। जेसीबी का अगला हिस्सा ऊंचा उठाया हुआ था, जो स्ट्रीट लाइट के बॉक्स से टच हो गया। इससे जेसीबी में करंट आ गया। सुबह जैसे ही तीन गायें वहां से गुजरते हुए जेसीबी को छूकर निकलीं तो उनको करंट लग गया। इससे तीनों गायों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास के दुकानदारों ने इसकी सूचना नगर निगम व बिजली निगम अधिकारियों को दी। इसके बाद निगम कर्मचारियों ने आकर तार को काटा, तब करंट खत्म हुआ। निगम अधिकारियों का कहना है कि इसमें जेसीबी चालक की गलती है, जिसने जेसीबी खड़ी करते समय स्ट्रीट लाइट का ध्यान नहीं किया। शाम होने के बाद जैसे ही स्ट्रीट लाइट ऑन हुई तो जेसीबी में करंट आ गया।
एसडीओ मौके पर पहुंची थीं। किसी ने जेसीबी लाइन के नीचे खड़ी करके अगले हिस्से को ऊपर उठा दिया। जैसे ही नगर निगम की स्ट्रीट लाइट चालू हुई तो तार से जेसीबी में करंट आ गया। जेसीबी को छूने से गायों की मौत हो गई।
- सतीश कुमार, एक्सईएन, बिजली निगम