बास। गांव पुट्ठी के खेत में बने घर में सो रहे जेसीबी चालक भाइयों को कुछ लोगों ने लाठियों से पीट दिया। इसके बाद जेब से एक लाख 19 हजार रुपये लूटकर ले गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन नामजद व एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका के गांव बलई निवासी रिजवान ने बताया कि वह और उसका छोटा भाई रिफाकत दोनों करीब 8 साल से पुट्ठी निवासी प्रवीन की जेसीबी के ड्राइवर हैं। प्रवीन के खेत में बने घर में रहते हैं। शुक्रवार रात करीब 12 बजे अचानक किसी ने उन पर लाठियों से हमला कर दिया। चोट से नींद खुली तो देखा कि सामने पुट्ठी निवासी अजय कुवार हाथ में कस्सी का बिंडा व पिस्तौल लिए खड़ा था। उसने शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद रामबीर पंडित का बेटा, अमित लांडा और एक अन्य युवक ने मारपीट की। बाद में जेब से 1 लाख 19 हजार रुपये रामबीर पंडित ने निकाल लिए। बाद में उन्होंने आरोपी को धक्का मारा और भागकर पाइपलइन के लिए खोदी गई जगह में छुप कर अपनी जान बचाई। जेसीबी मालिक प्रवीन ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को मौके पर बुलाया। इसके बाद हांसी के नागरिक अस्पताल में ले जाकर इलाज कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।