हिसार। एकल उपयोग प्लास्टिक को प्रतिबंधित किए जाने के बाद इसकी बिक्री व इस्तेमाल जारी रहा। इसे लेकर नगर निगम का चालान काटने का अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। निगम की स्वच्छता शाखा की टीम ने आजाद नगर में 5 दुकानदारों के चालान किए।
बता दें कि एक जुलाई से प्रदेश सरकार एकल उपयोग प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगा चुकी है। इसके तहत एकल उपयोग प्लास्टिक के निर्माण, बिक्री, इस्तेमाल व स्टोर करने पर 500 से लेकर 25 हजार रुपये जुर्माने का प्रावधान है।
दुकानदारों पर लगाया 17 हजार रुपये का जुर्माना
इस अभियान के दौरान टीम ने 5 दुकानदारों से 5 किलो 700 ग्राम एकल उपयोग प्लास्टिक बरामद किया, जिसमें पॉलिथीन व प्लास्टिक के गिलास शामिल हैं। टीम ने उक्त दुकानदारों पर कुल 17 हजार रुपये जुर्माना लगाया। टीम ने दो दुकानदारों पर 500-500, दो दुकानदारों पर 3-3 हजार व एक दुकानदार पर 10 हजार रुपये जुर्माना लगाया। चालान काटने वाली टीम में एएसआई कपिल, एएसआई राहुल, एएसआई रोहित व एएसआई कमल शामिल रहे।
वार्ड 12 में चलाया फॉगिंग अभियान
उधर निगम का फॉगिंग अभियान भी जारी है। मंगलवार को निगम ने वार्ड 12 के न्यू मॉडल एरिया में फॉगिंग करवाई। बता दें कि पिछले कुछ दिनों में डेंगू के काफी मामले सामने आने के बाद निगम प्रशासन की तरफ से शहर में फॉगिंग करवाई जा रही है।