एकल उपयोग प्लास्टिक का इस्तेमाल करने पर दुकानदार का चालान करती निगम की टीम।
- फोटो : Hisar
हिसार। नगर निगम प्रशासन का एकल उपयोग प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ अभियान बुधवार को भी जारी रहा। इस दौरान नगर निगम की टीम ने सीएसआई देवेंद्र बिश्नोई के नेतृत्व में सेक्टर 16-17 की मार्केट में व्यापारियों के चालान किए। टीम ने व्यापारियों पर 3 हजार रुपये जुर्माना लगाया। टीम में एएसआई कपिल, एएसआई राहुल, एएसआई रोहित व एपीओ सतेंद्र यदुवंशी शामिल रहे।
हांसी में आठ दुकानदारों पर किया जुर्माना
वहीं, नगर परिषद ने बुधवार को सफाई निरीक्षक बिजेंद्र सिंह रामराय के नेतृत्व में भगत सिंह रोड, आंबेडकर चौक सहित अन्य बाजारों में एकल उपयोग प्लास्टिक को लेकर चेकिंग अभियान चलाया। सफाई निरीक्षक बिजेंद्र सिंह ने बताया कि इस दौरान आठ दुकानदारों के चालान कर 6 हजार रुपये के करीब जुर्माना लगाया गया और कुछ एकल उपयोग प्लास्टिक का सामान जब्त किया गया, जिसमें एकल उपयोग प्लास्टिक की प्लेट, चम्मच, कटोरी व गिलास शामिल है। इस मौके पर उन्होंने आमजन से भी अपील करते हुए कहा कि प्लास्टिक कैरी बैग का बेहतर विकल्प कपड़े या जूट के थैले हैं। बाजार से सामान लाने के लिए कपड़े के थैले घर से लेकर जाएं। दुकानदारों से पॉलिथीन कैरी बैग की मांग न करें। इस मौके पर दरोगा प्रेम, शमशेर, रिंकू, अनिल व नरेश आदि मौजूद रहे।