महाबीर स्टेडियम का एथलेटिक ग्राउंड।
- फोटो : Hisar
हिसार। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए अब राजीव गांधी खेल स्टेडियमों और महाबीर स्टेडियम में इंटरनेशनल पदक विजेता खिलाड़ियों की फोटो लगाई जाएगी। साथ ही उनकी उपलब्धियां भी लिखी जाएगी।
इसको लेकर जिला खेल अधिकारी कृष्ण कुमार ढांडा सभी कोचों के साथ बैठक कर उनसे मेडलिस्ट खिलाड़ियों की लिस्ट मांगेंगे। इतना ही नहीं, मेडलिस्ट खिलाड़ियों के साथ-साथ राज्यपाल, मुख्यमंत्री और खेल मंत्री की भी फोटो लगाई जाएंगी। वहीं जिला खेल अधिकारी से खेलों को बढ़ावा देने के लिए सुझाव भी मांगे गए हैं कि किस तरह से खेलों में रिजल्ट और भी बेहतर आ सकते हैं। खिलाड़ियों के टैलेंट को किस तरह निखारा जा सकता है। इसको लेकर जिला खेल अधिकारी कोच से भी सुझाव मांगेंगे। जिला खेल अधिकारी ने बताया कि खेल मंत्री संदीप सिंह ने सभी जिला खेल अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उक्त आदेश दिए हैं।
12 साल से छोटे खिलाड़ियों का स्टेडियम में प्रवेश बंद
उधर, कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए महाबीर स्टेडियम में जिला खेल अधिकारी ने 12 साल से छोटे खिलाड़ियों का प्रवेश बंद कर दिया है। जिला खेल अधिकारी ने बताया कि स्टेडियम में जूडो और जिमनास्टिक में कई छोटे खिलाड़ी अभ्यास करते थे। ऐसे में उनका प्रवेश फिलहाल के लिए बंद कर दिया गया है। जिला खेल अधिकारी का कहना है कि कोरोना के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में डर लगता है कि कहीं कोई खिलाड़ी कोरोना की चपेट में न आ जाए। इसी को देखते हुए छोटे खिलाड़ियों का प्रवेश बंद कर दिया था।
कोच से खिलाड़ियों की लिस्ट मांगी जाएगी
महाबीर स्टेडियम और राजीव गांधी खेल स्टेडियमों में इंटरनेशनल खिलाड़ियों की फोटो लगाई जाएंगी, ताकि दूसरे खिलाड़ी उनसे प्रेरित होकर अपने प्रदर्शन को निखार सके। कोच से मेडलिस्ट खिलाड़ियों की लिस्ट मांगी जाएगी।
- कृष्ण कुमार ढांडा, जिला खेल अधिकारी।