हिसार। गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डेटा साइंस विभाग की ओर से इंटीग्रेटिड बीएससी-एमएससी कंप्यूटर साइंस (साइबर सिक्योरिटी) पाठ्यक्रम की शुरुआत की गई है। इस कोर्स में 50 सीटें हैं। कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर सिक्योरिटी कोर्स की मांग को देखते हुए यह कोर्स शुरू किया गया है। विभागाध्यक्ष प्रो. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि यह कोर्स नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप तैयार किया गया है, जिसमें अकादमिक लचीलापन, कौशल आधारित शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण को प्राथमिकता दी गई है। अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.gjust.ac.in पर संपर्क कर सकते हैं।
डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि यह कोर्स विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में उन्नत तकनीकी ज्ञान, प्रैक्टिकल स्किल्स एवं इंडस्ट्री-रेडी बनने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस कोर्स में थ्योरी के साथ-साथ प्रोजेक्ट-आधारित शिक्षण और इंडस्ट्री इंटर्नशिप का विशेष समावेश किया गया है।
डॉ. अमनदीप ने इस अवसर पर कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की भारी मांग है। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय रोजगार के लिए तैयार करेगा और उन्हें स्टार्टअप्स व अनुसंधान की दिशा में भी प्रोत्साहित करेगा। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को साइबर अपराध, नेटवर्क सुरक्षा, एथिकल हैकिंग, क्रिप्टोग्राफी और डेटा प्राइवेसी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विशेषज्ञता प्रदान करेगा। विशेष उपलब्धि के रूप में विभाग ने हाल ही में 30 ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट आधारित वर्कस्टेशन से युक्त हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग लैब की स्थापना की है। इसके अतिरिक्त, 30 और वर्कस्टेशन की खरीद प्रक्रिया प्रगति में है, जिससे एक और अत्याधुनिक प्रयोगशाला की स्थापना शीघ्र ही की जाएगी।