सिवानी मंडी। मार्केट कमेटी सिवानी की ओर से सोमवार को खंड के गांव नलोई में किसान जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान किसानों को मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर फसल पंजीकरण, मंडी में फसल खरीद के नियमों और सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने किसानों की समस्याएं सुनकर उनका समाधान बताया और योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए जागरूक किया।
मार्केट कमेटी चेयरमैन संजय राहड़ ने कहा कि किसानों की सुविधा और हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने किसानों से योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रतानुसार लाभ उठाने और फसल संबंधी आवश्यक पंजीकरण समय पर कराने का आह्वान किया।
मंडी सुपरवाइजर कुलदीप श्योराण ने किसानों को पोर्टल पर फसल का पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मंडी में फसल खरीद के नियमों और आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी देते हुए किसानों से फसल से संबंधित दस्तावेज पूरे रखने की अपील की ताकि खरीद के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने मुख्यमंत्री किसान एवं खेतीहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना की जानकारी देते हुए बताया कि खेती के दौरान किसान या खेतीहर मजदूर के साथ दुर्घटना होने पर हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की ओर से नियमानुसार आर्थिक सहायता दी जाती है। उन्होंने पात्र किसानों और मजदूरों से योजना का लाभ लेने की अपील की।
इस मौके पर मार्केट कमेटी सचिव एवं कार्यकारी अधिकारी शिवकुमार, सहायक सचिव जितेंद्र, सरपंच रमेश सिंधु, बीडीसी सदस्य सुरेंद्र गिल, मार्केट कमेटी सदस्य सुखबीर राहड़ आदि सहित अनेक मौजूद रहे।