सिवानी मंडी। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. देवीलाल के मार्गदर्शन में बागवानी विभाग द्वारा खंड के गांव गैंडावास में सोमवार को किसानों के लिए जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। विभाग की ओर से डॉ. चांद कम्बोज ने विभिन्न योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने किसानों को पॉलीहाउस में सब्जियों की खेती, मशरूम उत्पादन तथा बेल वाली सब्जियों की उन्नत खेती अपनाने की सलाह दी। डॉ. कम्बोज ने बताया कि टमाटर, खीरा और शिमला मिर्च जैसी सब्जियों की खेती से किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं।
इस अवसर पर सरपंच सोमबीर, प्रगतिशील किसान बलवान, सुनील, हवासिंह, निहाल सिंह, दलबीर सिवाच, एफएम राजरूप, ओमप्रकाश उपस्थित रहे।
42 हजार रुपये तक की सहायता राशि दी जा रही :
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि सब्जी उत्पादन पर अनुसूचित जाति के किसानों को प्रति एकड़ लगभग 25,500 रुपये तथा सामान्य वर्ग को 15,000 रुपये तक अनुदान दिया जा रहा है। किन्नू, नींबू और अमरूद के बाग लगाने पर लगभग 42,000 रुपये तक की सहायता राशि उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति के किसानों को योजनाओं में लगभग 85 प्रतिशत तथा सामान्य वर्ग को 65 प्रतिशत तक अनुदान का लाभ दिया जा रहा है।