हिसार। रोडवेज बसों की लोकेशन जानने के लिए शुक्रवार को एप लॉन्च हो गई है, लेकिन अभी तक बसों में जीपीएस सिस्टम नहीं लग पाए हैं। ऐसे में अभी एप को कोई फायदा नहीं मिल रहा है। एप खुलते ही बस नंबर मांग रही है। ऐसे में यात्री भी असमंजस की स्थिति में हैं। काफी लोगों ने एप को डाउनलोड भी कर लिया है, मगर जानकारी उपलब्ध नहीं हो पा रही है। रोडवेज अधिकारियों की मानें तो शुक्रवार को ही एप लॉन्च हुई है। अभी कुछ तकनीकी खामियां हैं, जिन्हें जल्द दूर कर लिया जाएगा।
दरअसल, परिवहन मंत्री अनिल विज ने 15 अगस्त को आदेश दिए थे कि हरियाणा रोडवेज बसों में जीपीएस ट्रैकिंग के लिए एप शुरू करें। एप के माध्यम से यात्री बसों की लोकेशन जान सकेंगे। एप में अभी कोई भी जानकारी उपलब्ध नहीं हो रही है। यात्री प्रशांत, प्रमोद सैनी ने बताया कि एप आने का कोई फायदा नहीं मिल रहा है। हमें क्या पता कि किस रूट की बस का क्या नंबर है। एप में रूट, बस नंबर, चलने का समय की जानकारी हो। हिसार डिपो में 266 रोडवेज की बसें हैं।
-
बार-बार काउंटर पर पूछने की जरूरत नहीं पड़ेगी
यदि एप के माध्यम से यात्रियों को बसों की लोकेशन पता चलेगा तो उन्हें बार-बार पूछताछ काउंटर पर नहीं जाना पड़ेगा। ऐसे में वह एप के माध्यम से ही पता कर सकेंगे। इससे समय की बचत भी होगी। यात्री लोकेशन के अनुसार ही बस स्टैंड पहुंचेंगे।
-
एप में इस तरह मिलेगी जानकारी
सबसे पहले प्ले स्टोर पर जाकर हरियाणा रोडवेज के नाम से एप डाउनलोड करें। एप डाउनलोड होने के बाद इसे ओपन करेंगे तो दाएं हाथ की तरफ स्किप को दबाए। उसके बाद एप खुल जाएगी। सबसे ऊपर टिकट बुकिंग दिखाएगा। फिर अप्लाई हैप्पी कार्ड लिखा होगा। उसके नीचे लाइव ट्रैकिंग लिखा दिखेगा। लाइव ट्रैकिंग को क्लिक किया तो बस नंबर
मांग रहा है।
वर्जन
बसों की लोकेशन जानने के लिए एप लॉन्च हो चुकी हैं, लेकिन अभी बसों में जीपीएस लगाने में समय लगेगा। सभी बसों में जीपीएस लग जाने के बाद यात्रियों को इस एप का पूरा लाभ मिलेगा। हर एक बस की लोकेशन देखी जा सकेगी।-राहुल मित्तल, महाप्रबंधक, रोडवेज