अंबाला में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब वायुसेना स्टेशन से संभावित हमले की चेतावनी जारी की गई। स्थानीय प्रशासन ने एहतियात के तौर पर शहर में सायरन बजाया और सभी नागरिकों को तत्काल घरों के अंदर रहने तथा बालकनियों से दूर रहने की सलाह दी है।
जिला उपायुक्त ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि वायुसेना स्टेशन से प्राप्त सूचना के आधार पर संभावित खतरे को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे घबराएं नहीं और घरों के अंदर रहें। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर रख रही हैं और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
हिसार और अंबाला में सैन्य क्षेत्र व एयरफोर्स स्टेशन में हाई अलर्ट के चलते सभी स्कूल, कॉलेज, आईटीआई, अन्य शिक्षण संस्थान में छुट्टी हो गई। अंबाला उपायुक्त अजय सिंह तोमर के निर्देश पर सभी को तुरंत बंद करवाकर छात्रों को घर वापस भेज दिया गया है। साथ ही अंबाला में रात 8 से सुबह 6 बजे तक ब्लैक आउट रहने के भी निर्देश दिए है।
बता दें कि अंबाला में शुक्रवार सुबह करीब 30 मिनट तक तीन बार एयरफोर्स स्टेशन का सायरन बजा था लेकिन वो बंद हो गया था। प्रशासन की तरफ से हालांकि सभी को सलाह दी गई है कि वे घर के अंदर ही रहें और बालकनी से दूर रहें तथा अगले दो घंटों तक केवल अत्यावश्यक होने पर ही बाहर निकलें।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की प्रचार वैन और सभी संबंधित सरकारी कार्यालयों को नोटिस बोर्ड पर चस्पा करने के निर्देश भी दिए गए हैं। आदेश की प्रति सभी एस.पी., डी.एस.पी., पुलिस थानों, सुरक्षा शाखा, नगर निगम, पंचायतों, तहसीलों, बी.डी.पी.ओ. कार्यालयों और बस स्टैंड पर तत्काल भेजी गई है।
अंबाला में शुक्रवार सुबह एक जोरदार आवाज ने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया। यह आवाज इतनी तेज थी कि लोग इसे बम धमाके या किसी बड़े हादसे से जोड़कर घबरा गए। हालांकि, बाद में पता चला कि यह आवाज एक सोनिक बूम थी, जो किसी लड़ाकू विमान के ध्वनि की गति को पार करने के कारण उत्पन्न हुई।