38 - शिफ्ट खत्म, कुछ देर बाद फिर शिफ्ट शुरू होगी, इसलिए कहां जाएंगे, यहीं थकावट उतार लेते हैं। कुलदीप ?
- फोटो : Hisar
आयकर विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा बुधवार को 159वां आयकर दिवस मनाया गया। दूसरी ओर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं आदमपुर से विधायक कुलदीप बिश्नोई के यहां रेड डालने आए अधिकारियों का आयकर दिवस रेड की कार्रवाई के रूप में ही मना।
आयकर विभाग की चार गाड़ियां कुलदीप बिश्नोई के सेक्टर-15 स्थित आवास के बाहर खड़ी हैं, जबकि एक गाड़ी घर के अंदर है। टीम के सभी छोटे-बड़े सदस्यों को मिलाकर कुल 15 सदस्य बताए जा रहे हैं, जो पिछले 39 घंटे से अधिक समय से कार्रवाई में लगे हुए हैं। अधिकारी लगातार रिकॉर्ड खंगालने में जुटे हुए हैं। हालांकि कोई कुछ बताने को तैयार नहीं है, लेकिन सूत्रों की मानें तो फिलहाल अधिकारियों को कुछ खास हाथ नहीं लगा है।
थकावट हुई तो पार्क के बेंच पर सुस्ताने लगे कर्मचारी
पिछले 39 घंटे से चल रही कार्रवाई के दौरान शुरू से ही पुलिस कर्मचारी कुलदीप बिश्नोई के आवास के बाहर पहरा दे रहे हैं। हालांकि पुलिस कर्मचारियों की शिफ्टों में ड्यूटी लगाई जा रही है, लेकिन भीषण गर्मी, उमस और खड़े रहने के कारण कर्मचारी थकावट महसूस करने लगते हैं। ऐसे में अपनी ड्यूटी शिफ्ट पूरी होने के बाद भी कुछ कर्मचारी जहां अपने गन्तव्य पर जाकर आराम करते हैं तो कुछ पार्क में ही बने बेंचों पर थोड़ी देर आराम कर लेते हैं और फिर से ड्यूटी के लिए तैयार हो जाते हैं।
दूध वाला पहुंचा दूध देने
इस बीच कुलदीप के आवास पर दूध पहुंचाने वाला बुधवार शाम को दरवाजे पर पहुंचा। उसे वहीं रोक लिया गया। इसके बाद आयकर अधिकारियों से उसके बारे में पूछा गया। फिर एक कर्मचारी आया और दूध वाले की ड्रामी को चेक किया गया और फिर गेेट खोलकर उसे अंदर जाने दिया गया। कोठी के बिलकुल अंदर जाने की बजाय कोठी परिसर से ही उससे दूध ले लिया गया तथा उसे वापस बाहर भेज दिया गया।