हिसार। जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने हिसार में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताई है।उन्होंने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन को घेरते हुए कहा कि फायरिंग, हत्याओं और फिरौती की घटनाओं से आम नागरिकों, व्यापारियों और युवाओं में असुरक्षा का माहौल है।
हिसार दौरे के दौरान रविवार को डॉ. चौटाला पड़ाव चौक निवासी शीशपाल रावत के निधन पर शोक जताने उनके परिवार से मिले। उन्होंने जेजेपी हांसी के जिला अध्यक्ष अमित बूरा के चचेरे भाई मोहित बूरा के आकस्मिक निधन पर भी परिजनों से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें ढांढस बंधाया।
डॉ. चौटाला ने संत नगर डबल फाटक के पास गत्ता फैक्टरी मालिक के गोदाम पर बदमाशों की ओर से कई राउंड फायरिंग किए जाने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से व्यापारियों में दहशत है। सालासर धाम से पैदल यात्रा कर लौट रहे युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने की घटना भी चिंताजनक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल पंप संचालकों और अन्य कारोबारियों से पांच करोड़ रुपये तक की फिरौती मांगी जा रही है। चार महीने पहले रंगदारी की शिकायत करने वाले व्यापारियों के मामलों में मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर भी उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन, खुफिया तंत्र और एसटीएफ अपराधों पर अंकुश लगाने में विफल साबित हो रहे हैं।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अनिल बालकिया, हांसी जिला अध्यक्ष अमित बूरा, अजीत ओडीएम, जिला प्रवक्ता रवि आहूजा, युवा जिला अध्यक्ष अनिल शर्मा, हिसार हलका अध्यक्ष विपिन गोयल आदि उपस्थित रहे।