सांसद डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि अच्छी और बेहतर सड़कों से ही किसी प्रदेश की तरक्की का प्रतिबिंब देखा जा सकता है। जहां बेहतर सड़कें होंगी वहां उद्योग लगेंगे और विकास के मार्ग प्रशस्त होंगे। हरियाणा में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को दोबारा शुरू किया जा रहा है ताकि प्रगति के पथ पर अग्रसर प्रदेश में विकास और तेजी के साथ हो सके।
वे रविवार को कालांवाली में ओढ़ां कैंचियों पर सात करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से कालांवाली और डबवाली के बीच, रेलवे फाटक से रोड़ी तक बनने वाली सड़क का शुभारंभ करने के बाद बोल रहे थे। शनिवार को तंवर ने एक ही दिन में करीब 10 करोड़ की लागत की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
तंवर ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के हरियाणा में दोबारा शुरू होने से अब ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर जल्द ही बदलने वाली है। उन्होंने बताया कि उन्होंने रोहतक से सांसद दीपेंद्र हुड्डा के साथ नई दिल्ली में प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के साथ मिलकर हरियाणा में इस योजना को जल्द ही शुरू करवाने की मांग की है।
प्रधानमंत्री की ओर से इस योजना को जल्द शुरू करने की सहमति जताई गई है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत 1100 किलोमीटर सड़कें बनेंगी। सांसद ने बताया कि कालांवाली को उपमंडल का दर्जा देने के बारे में मुख्यमंत्री से चर्चा हो चुकी है। साथ ही गदराना में आईटीआई और कालांवाली में अलग से कॉलेज बनाने का भी प्रस्ताव है।
उन्होंने बताया कि इस इलाके के लोगों की मांग पर अजमेर-अमृतसर-अजमेर एक्सप्रेस गाड़ी का 22 दिसंबर के बाद कालांवाली रेलवे स्टेशन पर ठहराव किया जाएगा। साथ ही कालांवाली के रेलवे स्टेशन का सौंदर्यीकरण भी करवाया जाएगा। नगर परिषद कालांवाली के प्रधान जगसीर सिंह गिल ने सांसद का स्वागत किया। इस अवसर पर ओमप्रकाश केहरवाला, कुलदीप गदराना, नगरपालिका उपप्रधान मधु गोयल, भूपेश मेहता, करनैल सिंह ओढां, संजय सैन और अमित सोनी उपस्थित थे।