फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: स्लोवाकिया में विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भकलाना की बेटी तनु ने देश को दिलाया पहला पदक, रजत पदक जीता

Fri, 21 Aug 2026 12:33 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार
विज्ञापन
विश्व कुश्ती में जीत के बाद भकलाना की तनु का हाथ उठाते रेफरी। 
विज्ञापन
बास। हांसी जिले के भकलाना गांव की बेटी तनु शर्मा ने स्लोवाकिया में आयोजित अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। 72 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए तनु ने चैंपियनशिप में भारत को पहला पदक दिलाया।
विज्ञापन

उनकी इस उपलब्धि की खबर मिलते ही भकलाना गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। तनु की सफलता से हांसी जिले और हरियाणा का भी मान बढ़ा है। लगातार मेहनत और खेल के प्रति समर्पण से उन्होंने साबित किया कि छोटे गांवों की बेटियां भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का परचम लहरा सकती हैं।
सातवीं कक्षा से शुरू किया कुश्ती का सफर
तनु के मामा योगेश शर्मा ने बताया कि तनु को बचपन से ही खेलों में रुचि थी। उसकी प्रतिभा और कुश्ती के प्रति लगाव को देखते हुए उसके चाचा एवं भारतीय सेना से सेवानिवृत्त नरेंद्र शर्मा ने उसे प्रोत्साहित किया। इसके बाद तनु ने सातवीं कक्षा से कोच संजय सिहाग के मार्गदर्शन में कुश्ती का प्रशिक्षण शुरू किया।
विज्ञापन

हिसार में निखरी प्रतिभा, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान
कुश्ती के शुरुआती प्रशिक्षण के बाद हिसार स्पोर्ट्स सेंटर के कोच सुनील ढुल और राजेश नांदल ने तनु की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नियमित अभ्यास, कड़ी मेहनत और अनुशासन के दम पर तनु ने धीरे-धीरे अपनी पहचान बनाई और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए खुद को तैयार किया।
पिता संस्कृत अध्यापक, मां गृहिणी
तनु के पिता वीरेंद्र शास्त्री सरकारी विद्यालय में संस्कृत अध्यापक हैं, जबकि मां सुमन लता गृहिणी हैं। परिवार ने तनु के खेल सफर में लगातार उसका हौसला बढ़ाया। विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने के बाद परिवार के साथ गांव के लोग भी उसकी उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं।
दादा बोले- अब ओलंपिक पदक का सपना
तनु के दादा मंगत राम शर्मा ने खुशी जताते हुए कहा कि तनु ने कम उम्र में ही बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें विश्वास है कि वह आने वाले समय में और बेहतर प्रदर्शन करेगी और ओलंपिक में पदक जीतकर देश का नाम रोशन करेगी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें