हिसार। विद्युत नगर खेल परिसर में सोमवार से दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की 15वीं अंतर सर्कल खेलकूद प्रतियोगिता का रंगारंग आगाज हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष कैप्टन जसविंद्र मीनू बेनीवाल रहे, जिन्होंने खेल ध्वज फहराकर प्रतियोगिता की शुरुआत की।
टेबल टेनिस में हिसार हेड ऑफिस ने दिल्ली जोन को हराया। वहीं, कबड्डी में जींद ने रेवाड़ी को 36-32 से हराया और गुरुग्राम ने पलवल को 36-12 से पराजित किया। बारिश के कारण मुकाबले दोपहर बाद शुरू हो सके। प्रतियोगिता में कबड्डी, टेबल टेनिस सहित विभिन्न खेलों के मुकाबले खेले गए। टेबल टेनिस में हेड ऑफिस हिसार ने दिल्ली जोन को हराकर जीत दर्ज की। दिव्यांगजन वर्ग में हिसार जोन ने हेड ऑफिस जोन को हराया। हिसार जोन बनाम दिल्ली जोन में हिसार जोन विजेता रहा। भिवानी सर्कल ने हिसार सर्कल को हराया, जबकि पलवल ने फतेहाबाद को हराकर जीत दर्ज की।रेवाड़ी ने नारनौल को और जींद ने फरीदाबाद को हराया।
हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष कैप्टन जसविंद्र मीनू बेनीवाल ने कहा कि आगामी नवंबर में हरियाणा ओलंपिक खेलों का आयोजन किया जाएगा।
इसमें बिजली निगम की टीमों की भी अहम भागीदारी रहेगी। उन्होंने बताया कि ये खेल विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ आयोजित किए जाएंगे और यह हरियाणा के खिलाड़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होंगे। इस दाैरान 850 से अधिक खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया और खेल भावना की शपथ ली।
विशिष्ट अतिथि के रूप में डायरेक्टर फाइनेंस रतन कुमार वर्मा, खेल अधिकारी रविंद्र पानू, सीटीओ अतुल पसरीजा, अधीक्षक अभियंता एसएस राय, सीएओ विजय गुप्ता, मुख्य लेखा परीक्षक प्रदीप कुमार लोहान मौजूद रहे।