नारनौंद। गांव खेड़ी रोज में शनिवार रात गैस सिलिंडर लीक होने से हादसे ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। भीषण आग में गांव निवासी अनिता और इंद्रो के घर में आग से सामान जल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सोमवार को नारनौंद विधायक जस्सी पेटवाड़ पीड़ित परिवारों से मिलने गांव पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राख में तब्दील घरों को देखकर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने अनिता और इंद्रो के परिवार को ढांढस बंधाया और अपनी ओर से 21,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
विधायक ने कहा कि इस तरह की घटनाएं अत्यंत पीड़ादायक होती हैं। जब किसी पर दुख का पहाड़ टूटता है, तो समाज और प्रतिनिधियों का कर्तव्य होता है कि वे उसके साथ खड़े रहें। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे सरकार से उचित मुआवजा दिलवाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। विधायक ने कहा कि नारनौंद क्षेत्र का हर परिवार उनके लिए अपने परिवार जैसा है, और इस संकट की घड़ी में अनिता और इंद्रो अकेली नहीं हैंपूरा क्षेत्र उनके साथ है। गांववासियों ने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द परिवारों को सहायता उपलब्ध करवाए।