जिले में शनिवार को 118 कोरोना केस मिले। इनको मिलाकर जिले में कोरोना केस का आंकड़ा 8068 हो गया है। अब आमजन को खुद का बचाव करना बेहद आवश्यक है, इसलिए मुंह पर मास्क व समाजिक दूरी जैसे नियमों का पालन करते रहें। ऐसे में विभाग द्वारा भी दिन-प्रतिदिन एहतियात के तौर पर मरीजों की देखभाल के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
राहत की बात यह है कि शनिवार को किसी भी कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत की सूचना नहीं है। फिलहाल जिले में 973 एक्टिव मरीज हैं। अब तक 6995 लोग कोरोना से ठीक होकर घर लौट चुके हैं। अधिक केस मिले हैं तो कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों का रिकवरी रेट भी कुछ बढ़ा है, जो 86.70 हो गया है। डिप्टी सीएमओ डॉ. जया गोयल और नोडल अधिकारी डॉ. सुभाष खटरेजा अपनी टीम के साथ सभी संक्रमित मरीजों की हिस्ट्री और उनके लक्षण के हिसाब से जानकारी जुटा रहे हैं।