हिसार। केंद्रीय कारागार-1 में हत्या के मामले में बंद हवालाती पर मंगलवार दोपहर चार-पांच बंदियों ने सुए से हमला कर दिया। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया जब हवालाती मिलगेट निवासी साहिल को पेशी पर ले जाने के लिए चक्की से बाहर निकाला गया। जख्मी हालत में जेल पुलिसकर्मी साहिल को लेकर नागरिक अस्पताल गए, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। सिविल लाइन थाना पुलिस को मामले से अवगत करवा दिया गया है।
पुलिस के अनुसार मिलगेट क्षेत्र निवासी साहिल 7 अक्तूबर 2020 में पड़ाव चौक निवासी दीपक की हत्या के मामले में जेल में बंद है। दीपक पर साहिल और उसके साथियों ने मिलकर छुरी से हमला किया था। हत्या के मामले में साहिल केंद्रीय कारागार एक की डबल चक्की में बंद था। मंगलवार को उसे अदालत में पेश किया जाना था। इसके लिए उसे चक्की से बाहर निकाला था।
इसी दौरान चार-पांच बंदियों ने उसके सिर के पीछे सुए से हमला कर दिया। पुलिस कर्मियों ने बीच-बचाव कर घायल को छुड़वाया और जेल की डिस्पेंसरी ले गए। गंभीर घाव होने के कारण से नागरिक अस्पताल रेफर किया गया। जेल पुलिस के अनुसार हमला करने वालों के साथ कुछ दिन पहले साहिल का झगड़ा हुआ था। उसी रंजिश में साहिल पर हमला किया गया है।