आदमपुर-खैरमपुर रोड पर एक कॉटन मिल के पास एक युवक की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्यारों ने युवक के निजी अंगाें पर भी तेजधार हथियार से हमला किया। आदमपुर पुलिस को 30 वर्षीय गांव सदलपुर निवासी राजेश उर्फ बाली की हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक की बहन गांव असरावां निवासी माया देवी ने बताया कि उसके पिता गांव सदलपुर निवासी ओमप्रकाश की करीब डेढ़ माह पहले व माता की दो माह पहले मौत हो गई थी। उसका भाई राजेश खैरमपुर रोड पर मकान में अकेला रहता था।
उसकी अढ़ाई एकड़ जमीन है जिस पर कैलाश काश्त करता है। रविवार सुबह आठ बजे उसके पास कैलाश का फोन आया कि उसके भाई राजेश का अर्धनग्न शव कमरे के फर्श पर पड़ा है। सूचना मिलते ही वह बेटे कुलदीप को साथ लेकर ढाणी पहुंची तो देखा कि राजेश के गले पर निशान हैं और उसका गुप्तांग भी काटा गया है।
इसके बाद मामले की सूचना आदमपुर पुलिस को दी गई। गले पर निशान मिलने के चलते पुलिस मौत का कारण रस्सी या फंदे से गला दबाना मान रही है। वहीं मामले को देखते हुए सीन ऑफ क्राइम टीम से डॉ. अजय कुमार व सीआईए से मुकेश कुमार ने घटनास्थल का दौरा कर आवश्यक तथ्य जुटाए।
थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि सोमवार को अग्रोहा मेडिकल में शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।