हांसी । सुरेंद्र गोयत। (फाइल फोटो)
हांसी (हिसार)। श्याम मंदिर के समीप शनिवार देर रात एक बजे जागरण से घर लौटते समय युवक सुरेंद्र गोयत (19) की हमलावरों ने चाकुओं से गोद कर हत्या कर दी। हत्या तीन महीने पुरानी रंजिश को लेकर की गई है। पुलिस ने मृतक के चाचा के बयान पर तीन नामजद युवकों सहित सात पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में दयाल सिंह कॉलोनी निवासी सुरेश गोयत ने बताया कि उनका भतीजा सुरेंद्र गोयत अपने दोस्त सैनीपुरा निवासी अशोक उर्फ आशु के साथ पीसीएसडी स्कूल के मैदान में आयोजित श्याम जागरण में गया था। जागरण सुनने के बाद सुरेंद्र व अशोक वहां से लौटने लगे। जागरण स्थल से कुछ दूरी पर स्थित श्याम मंदिर के सामने ही उनकी बाइक खड़ी थी। सुरेंद्र जैसी ही अपनी बाइक पर बैठा, तो उसी समय पीछे से 6-7 युवक वहां आए। इन युवकों ने आते ही सुरेंद्र पर चाकुओं से हमला कर दिया। सुरेंद्र जान बचाने के लिए मंदिर के अंदर भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा कर उस पर चाकू से 5-6 जगह पर वार किए। हमले के बाद सभी मौके से भाग गए। सुरेंद्र को नागरिक अस्पताल लेकर गया, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। सूचना पर वह सभी मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने बताया कि घायल को हिसार रेफर कर दिया। हिसार ले जाने के दौरान सुरेंद्र ने उन्हें बताया कि हमला करने वालों में से वह चार कुतुब गेट निवासी दीपांशु खटीक, राहुल बुंदेला व मोहित को पहचानता है। वहीं, हिसार के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। जिसके बाद हिसार के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने दीपांशु, राहुल बुंदेला व मोहित सहित सात के खिलाफ हत्या व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस के अनुसार सुरेंद्र व दूसरे गुट के राहुल के बीच तीन चार महीने पहले विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर शनिवार को उसकी हत्या की गई। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए छानबीन कर रही है।
चाचा संदीप के अनुसार सुरेंद्र दो भाइयों में बड़ा था। वह राजकीय महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। उसके पिता दयाल सिंह कॉलोनी में किराना की दुकान चलाते हैं व खेतीबाड़ी करते हैं।
सुरेंद्र जागरण से निकलने के बाद अपनी बाइक लेने मंदिर के पास गया था, तभी उस पर हमला किया गया। शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। आरोपियों को जल्दी ही पकड़ लिया जाएगा।- सदानंद वत्स, एसएचओ, शहर थाना