हिसार। चुनावों में प्रत्याशियों की भागीदारी की बात करें तो 1996 का रिकॉर्ड अब तक नहीं टूट पाया है। तब सभी सातों सीटों पर 313 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। हिसार विधानसभा सीट से रिकॉर्ड 73 प्रत्याशियों ने विधायक बनने की लालसा से ताल ठोकी थी। हांसी से 58, घिराय से 53, नारनौंद से 38, बरवाला से 36, आदमपुर से 30 और बवानीखेड़ा से 25 प्रत्याशी मैदान में थे। वहीं, इस बार 89 प्रत्याशी हैं। वहीं 1967 व 68 के चुनाव में सभी सीटों पर सबसे कम 28-28 प्रत्याशी ही थे, यह भी रिकॉर्ड है। इस चुनाव में हिसार विधानसभा सीट से 21 प्रत्याशी और सबसे कम 7 प्रत्याशी उकलाना हलके में चुनाव लड़ रहे हैं।
वर्ष 1991 के विधानसभा चुनाव में भी जिले से 206 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा था। सबसे अधिक हिसार विधानसभा सीट से 63 उम्मीदवार चुनाव में उतरे थे। हांसी से 33, बरवाला से 29, बवानीखेड़ा से 26, घिराय से 20, आदमपुर से 18 व नारनौंद से 17 उम्मीदवार चुनाव लड़े थे। इस चुनाव में हिसार सीट पर 63 उम्मीदवारों में से 58 निर्दलीय थे। नतीजे आने पर 61 प्रत्याशी अपनी जमानत भी नहीं बचा सके थे। 4 प्रत्याशियों को तो दहाई के अंक में भी वोट नसीब नहीं हुए थे और 48 प्रत्याशियाें को दहाई के अंक में वोट हासिल हुए थे।
वर्ष 1967 व 1968 में 28-28 उम्मीदवार थे मैदान में
सबसे कम उम्मीदवारों की बात करें तो वर्ष 1967 व 1968 के चुनाव जिले से 28-28 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था। वर्ष 1967 में बरवाला हलके से 5 और वर्ष 1968 में इसी हलके से 3 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे। वहीं जिले में अब तक हुए चुनाव में किसी भी सीट से कम उम्मीदवारों के चुनाव लड़ने की बात करें तो वर्ष 1972 के चुनाव में बवानीखेड़ा विधानसभा सीट से महज 2 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था।
कब कितने प्रत्याशियों ने चुनावी मैदान में ठोकी ताल
वर्ष 1967-1968 1972-1977 1982-1987 1991-1996 2000-2005 2009-2014 2019-2024
आदमपुर 08-04 03-07- 08-09-18-30-़15-08-10-13-15-12
उकलाना-00-00-00-00-00-00-00-00-00-00-08-09-15-07
नारनौंद-08-08-06-05-10-04-17-38-13-13-10-23-21-14
हांसी-06-04-08-14-18-19-33-58-17-16-16-18-25-13
बरवाला-05-03-05-12-11-15-29-36-09-16-18-18-11-09
हिसार-08-04-04-04-25-38-63-73-28-22-16-25-16-21
नलवा-00-00-00-00-00-00-00-00-00-00-21-21-15-13
बवानीखेड़ा-08-05-02-04-15-13-26-25-15-14-00-00-00-00
घिराय-00-00-00-12-12-17-20-53-11-12-00-00-00-00