हिसार में एसपी आवास के बाहर डॉक्टर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए। संवाद
- फोटो : Hisar
हिसार। मॉडल टाउन एक्सटेंशन में रहने वाले हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. रविंद्र गुप्ता के साथ घर में घुसकर मारपीट मामले में बुधवार दोपहर बाद आईएमए सड़क पर उतरी। जिंदल चौक से पैदल मार्च निकालते हुए पीएलए में पुलिस अधीक्षक आवास पर पहुंचे। यहां पर एसपी लोकेंद्र सिंह के साथ वार्ता हुई, लेकिन वार्ता सिरे नहीं चढ़ी तो आईएमए ने वीरवार को निजी अस्पतालों में 24 घंटे की हड़ताल का एलान कर दिया। इस दौरान एमरजेंसी सेवाएं भी प्रभावित रहेगी। नए मरीज भर्ती नहीं किए जाएंगे। आईएमए का कहना है कि अगर, रात तक पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तो हड़ताल स्थगित कर दी जाएगी प्रदर्शन करने से पहले आईएमए ने बैठक की थी। इस दौरान डीएसपी अशोक कुमार भी थे।
चिकित्सक को सुरक्षा मुहैया करवाई
आईएमए के सचिव डॉ. संदीप कालरा ने बताया कि पुलिस प्रशासन को बुधवार तक का समय दिया था।, लेकिन पुलिस ने अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। ऐसे में निजी अस्पताल के चिकित्सक रोष जताते हुए पुलिस अधीक्षक आवास पर पहुंचे। यहां पर कई देर तक पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह से बातचीत हुई। पहली मांग आरोपियों की गिरफ्तार की थी और दूसरी मांग चिकित्सक रविंद्र गुप्ता को सुरक्षा मुहैया करवाने की थी। पुलिस प्रशासन ने उन्हें सुरक्षा मुहैया करवा दी है। उन्होंने बताया कि अगर, रात तक आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो वीरवार सुबह 7 बजे से निजी अस्पतालों में 24 घंटे के लिए हड़ताल रहेगी। इस मौके पर डॉ. जेपी नलवा, डॉ. एपी सेतिया, डॉ. राकेश, डॉ. जसवंत, डॉ. कपिल सिंगला, डॉ. रविंद्र गुप्ता, डॉ. मेघा जैन आदि मौजूद थे।
वर्जन
चिकित्सक पर हमला करने के मामले की जांच जारी है। टीमों को दिल्ली भेजा गया है। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपियों की तलाश की जा रही है।
विनोद कुमार, थाना प्रभारी,अर्बन एस्टेट पुलिस थाना