बालसमंद। गांव बालसमंद में जोहड़ों की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। प्रशासनिक आदेशों के तहत विभिन्न जोहड़ों की पैमाइश और कब्जों की जांच की जा रही है। कई स्थानों पर कब्जाधारकों को नोटिस भी जारी किए गए हैं।
गांव में कुल 29 जोहड़ दर्ज हैं। इनमें जोहड़ नंबर 765 और 766 पर अवैध कब्जों को लेकर नोटिस जारी किए जा चुके हैं, जबकि जोहड़ नंबर 758, 759 और 760 की पैमाइश जारी है। जोहड़ नंबर 762 पर 100 से अधिक लोगों के कब्जों की सूची प्रशासन ने तैयार की है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिन जोहड़ों पर कार्रवाई हो रही है, वहां वर्षों से मकान बने हुए हैं। कुछ स्थानों पर खेती, अखाड़ा और श्मशान भूमि भी मौजूद है। ऐसे में बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से सैकड़ों परिवार प्रभावित हो सकते हैं। ग्रामीणों ने जिला उपायुक्त से मांग की है कि कार्रवाई के दौरान सामाजिक और मानवीय पहलुओं का भी ध्यान रखा जाए।
ग्रामीणों के अनुसार कुछ लोगों ने कथित रूप से कब्जे वाली भूमि की रजिस्ट्री तक करवा ली है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि सरकारी भूमि की रजिस्ट्री कैसे हुई।