हिसार। लेह में 19 से 25 जनवरी तक आयोजित होने वाले विंटर गेम खेलो इंडिया के तहत ओलंपिक खेल आइस स्केटिंग की टीम में हिसार के पांच स्केटर्स का चयन हुआ है। इनमें विकास कुमार, रोहित कुमार, राहुल शर्मा, रमनदीप सिंह व शुभम जोगी शामिल हैं।
हरियाणा के मुख्य कोच की जिम्मेदारी हिसार के कोच पावेल को दी गई है। हरियाणा आइस स्केटिंग एसोसिएशन के प्रदेश के महासचिव नरेश सेलपाड़ ने बताया कि हरियाणा आइस स्केटिंग एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह लोहान की अगुवाई में इस बार हरियाणा की टीम में रिकॉर्ड सर्वाधिक हिसार के पांच व जींद के चार आइस स्केटर्स हिस्सा रहे हैं। इसी प्रकार गुरुग्राम, सोनीपत, फतेहाबाद व रोहतक के तीन-तीन, पानीपत, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, अंबाला, पानीपत के दो-दो आइस स्केटर्स का चयन हुआ है। प्रदेश के महासचिव नरेश सेलपाड़ के अनुसार हरियाणा की टीम में हिसार से पांच स्केटर्स को शामिल किया गया है। इनमें जहां विकास कुमार व रोहित कुमार स्पीड स्केटिंग में लॉग ट्रैक पर दौड़ेंगे, वहीं राहुल शर्मा, रमन दीप सिंह व शुभम जोगी शॉर्ट ट्रैक टीम की कमान संभालेंगे।
ये रहेंगे हरियाणा के ऑफिशियल
विंटर गेम के लिए हरियाणा आइस स्केटिंग एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह लोहान, प्रदेश के महासचिव नरेश सेलपाड़, हिसार के कोच पावेल एवं जींद की कोच सोनिया सिंह को हरियाणा का ऑफिशियल बनाया गया है। इसी प्रकार हिमाचल टीम के कोच हरियाणा की तकनीकी रूप से मदद करेेंगे।
इन प्रदेशों के स्केटर्स लेंगे हिस्सा
पांचवें खेलो इंडिया में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, दिल्ली, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, हरियाणा के अलावा कुल 16 राज्यों के 356 से अधिक आइस स्केटर्स हिस्सा ले रहे हैं।
विंटर खेलों इंडिया में शामिल हैं ये खेल
विंटर खेल जम्मू-कश्मीर खेल परिषद, खेल एवं युवा मंत्रालय भारत सरकार, आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया, भारतीय खेल प्राधिकरण एवं जम्मू-कश्मीर शीतकालीन खेल संघ की ओर से आयोजित इस खेल इवेंट में स्पीड स्केटिंग, स्नो स्कीइंग, स्नो रग्बी, स्नो आइस स्टॉक, स्नो बेसबॉल, स्नो माउंटेनियरिंग, स्नो शू, आइस हॉकी आदि खेलों को शामिल किया गया हैं।