उकलाना, अग्रोहा। राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने गांव कुलेरी में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यूपी के सांसद मेरा नाम लेकर कह रहा है कि दीपेंद्र हुड्डा पहलवानों का साथ दे रहा है। हम अपनी बेटियों को न्याय दिलाने के लिए साथ दे रहे हैं। हमारी संस्कृति ऐसी है कि हम दुश्मन की बेटी की इज्जत को सर्वोपरि मानते हैं। मेरा नाम बार-बार लेने पर भी मैं बेटियों का साथ देने में पीछे नहीं हटूंगा।
हाथ से हाथ जोड़ों कार्यक्रम का आयोजन उकलाना के पूर्व विधायक नरेश सेलवाल ने किया। दीपेंद्र हुड्डा उकलाना में आयोजित करीब आधा दर्जन से भी अधिक कार्यक्रमों में शामिल हुए। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा का अहंकार सातवें आसमान पर पहुंच गया है। मुख्यमंत्री जनसंवाद के नाम पर खुले में जनता का अपमान कर रहे हैं। कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम की सफलता से घबराकर सरकार ने जनसंवाद कार्यक्रम शुरु किया है। लेकिन मुख्यमंत्री का जनसंवाद कार्यक्रम जन अपमान में बदल गया है। अब भाजपा सरकार के गिनती के दिन रह गए हैं। भ्रष्टाचार के डबल इंजन को समय आने पर जवाब देंगे।
9 साल तक सीएम को लोगों की याद नहीं आई। चुनावी साल में निकले तो लोगों ने आइना दिखाना शुरू कर दिया है। सिरसा में महिला का अपमान करते हुए कहा कि इसे किसी ने सिखाकर भेजा है। एक वर्कर से कहा कि इसकी पिटाई करो। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस की हमारी 10 साल की सरकार में हमने किसी जनता को नहीं पीटा। किसी पार्टी वर्कर की पिटाई नहीं की। इनेलो के कंडेला कांड की याद दिलाते हुए कहा कि चौटाला सरकार के समय किसानों पर गोलियां चलाई गई थी। हमारी सरकार ने उन पीड़ितों के परिवारों को नौकरी देने का काम किया। हिमाचल और कर्नाटक को झाकी है पूरी फिल्म हरियाणा में बाकी है।
सबसे प्रतिष्ठित यूपीएससी परीक्षा में हरियाणा के युवा काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं तो फिर हरियाणा की सरकारी नौकरियों में ज्यादातर युवा बाहर के क्यों लगाये जा रहे हैं। कांग्रेस सरकार बनने पर कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम ,6000 रुपये बुढ़ापा पेंशन, गरीब परिवारों को 100-100 गज के मुफ्त प्लॉट, 2 कमरे के मकान हर परिवार को 300 यूनिट फ्री बिजली, 500 रुपये में घरेलू गैस सिलिंडर, ओबीसी वर्ग की आय सीमा 10 लाख करेंगे।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि चुनाव के दौरान उचाना के लोगों ने दुष्यंत से कहा था कुछ भी करना भाजपा का साथ मत देना। दुष्यंत ने 5100 रुपये पेंशन पर हमारा साथ देगा हम उसका समर्थन करेंगे। दिल्ली में हमने प्रेस कांफ्रेस कर कहा हमारे साथ आ जाओ। भाजपा कार्यालय पहुंचते पहुंचते उनकी गाड़ी फिसल गई। केंद्रीय गृहमंत्री के साथ समझौता कर लिया।